महाराष्ट्र में पिता की हैवानियत: चॉकलेट और वड़ा पाव का लालच देकर दो बेटों को नहर में फेंका
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक पिता पर अपने दो मासूम बेटों को नहर में फेंकने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह बच्चों को वड़ा पाव और चॉकलेट दिलाने के बहाने घर से ले गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दोनों बच्चों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पैठण तहसील के नांदर गांव में एक पिता पर अपने ही दो मासूम बेटों को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय सोमनाथ दामोदर रोडगे के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम आरोपी अपने सात साल के बेटे आर्यन और पांच साल के बेटे श्याम को वड़ा पाव और चॉकलेट दिलाने के बहाने स्कूटी पर बैठाकर घर से ले गया था। आरोप है कि इसके बाद वह दोनों बच्चों को जायकवाड़ी बांयी नहर के पास ले पहुंचा और उन्हें पानी में फेंक दिया।
बताया जा रहा है कि नहर में फेंके जाने से पहले दोनों बच्चे अपने पिता से ऐसा न करने की गुहार लगाते रहे। उन्होंने डूबने के डर से पिता से अपनी जान बचाने की अपील भी की, लेकिन आरोपी ने उनकी बात नहीं सुनी।
किसानों ने बचाने की कोशिश की
घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ किसानों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। किसानों को अपनी ओर आता देख आरोपी ने उन पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। हालांकि, जब तक लोग उसे पकड़ पाते, तब तक वह दोनों बच्चों को नहर में फेंक चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दोनों बच्चों की तलाश के लिए गोताखोरों और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
तेज बहाव से रेस्क्यू में परेशानी
नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। बच्चों के परिजन भी मौके पर मौजूद हैं और उनकी तलाश में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं पति-पत्नी के बीच विवाद इस घटना की वजह तो नहीं बना। दोनों बच्चों की तलाश जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






