मध्य प्रदेश: सिवनी में कपल को गांजे के झूठे केस में फंसाने की साजिश का वीडियो वायरल, थाना प्रभारी पर गिरी गाज
मध्य प्रदेश के सिवनी में होटल कर्मचारियों से युवक के बैग में गांजा रखने की कथित बात का वीडियो वायरल हुआ है। मामले में एसपी ने कोतवाली थाना प्रभारी को पुलिस लाइन अटैच कर जांच के आदेश दिए हैं।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी होटल कर्मचारियों से एक व्यक्ति के बैग में गांजा रखने और उसे झूठे केस में फंसाने की बात कहता दिखाई दे रहा है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी को पद से हटा दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला?
क्या है पूरा मामला?
यह मामला सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल संचालक संजय सनोडिया ने पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से हर महीने 25 हजार रुपये देने की मांग की गई थी। पूरी रकम नहीं दे पाने पर पुलिस अधिकारी होटल पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि अधिकारियों ने होटल में ठहरे एक बालिग युवक-युवती को गांजे के झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर एक व्यक्ति के बैग में गांजा रखने की बात कही जा रही है।
देखिए वीडियो
वायरल वीडियो की जांच में जुटी पुलिस
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिवनी के पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कोतवाली थाना प्रभारी को उनके पद से हटाकर पुलिस लाइन में अटैच कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






