सोमवार, 16 नवंबर 2026

ब्रेकिंग
माई नेशन की नई वेबसाइट पर आपका स्वागत है, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की हर बड़ी खबर एक जगह रोज़ का ई-पेपर अब वेबसाइट पर, मोबाइल पर भी आसानी से पढ़ें अपने क्षेत्र की खबर भेजने के लिए "खबर भेजें" बटन दबाएं ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें बरेली में चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ, जिलाधिकारी ने किया हवन-पूजन श्रीनगर: कुलगाम एनकाउंटर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, लश्कर के दो आतंकियों का खात्मा बरेली: घर-घर पहुंचेगी स्व-गणना की जानकारी, जिलाधिकारी ने प्रचार वैन को किया रवाना Azam Khan News: आजम खान को आज मिलेगी राहत या जाना होगा जेल? हाईकोर्ट में जमानत पर सुनवाई Bahraich News: मासूम रागिनी की जान लेने वाला तेंदुआ आखिरकार पकड़ा गया, गांव में लौटी राहत Kanpur Fire: राधिका अपार्टमेंट में भीषण अग्निकांड, दो की मौत,मची अफरा-तफरी
उत्तर प्रदेश

दीपोत्सव-2026: 36 लाख से अधिक दीपों से जगमगाई अवधपुरी, सरयू तट पर उतरा त्रेता का उल्लास

अयोध्या में लगातार 10वीं बार सरयू तट पर 36 लाख से अधिक दीप जले। उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और सीएम योगी ने किया श्रीराम का राजतिलक, सरयू आरती और ड्रोन शो ने बांधा समां।

दीपोत्सव-2026: 36 लाख से अधिक दीपों से जगमगाई अवधपुरी, सरयू तट पर उतरा त्रेता का उल्लास
Ayodhya Deepotsav
5 मिनट में पढ़ें

अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की प्रिय नगरी अयोध्या में शनिवार को सरयू के तट पर त्रेतायुग जैसा उल्लास छलक उठा, जब 36 लाख से अधिक दीपों की कतारों से पूरी रामनगरी आस्था के प्रकाश में नहा उठी। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार 10वीं बार सरयू किनारे श्रद्धा और आत्मीयता के दीप जले।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलित किए। अतिथियों ने पर्यटन विभाग की ओर से तैयार रामायण प्रसंगों की 3डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइव प्रस्तुति और भव्य लेजर शो का भी अवलोकन किया। उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में आयोजन की खूब सराहना की। श्रीराम के आगमन के प्रतीक स्वरूप भव्य आतिशबाजी भी हुई।

अद्भुत, अलौकिक और कल्पना से परे नजर आई रामनगरी

शनिवार की शाम रामनगरी का सौंदर्य अद्भुत, अलौकिक और कल्पना से परे नजर आया। कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर 36 लाख से अधिक दीपों से सजी अयोध्या को हर कोई एकटक देखता रह गया। चाहे अयोध्यावासी हों, देश के अलग-अलग राज्यों से आए भक्त हों या दुनिया भर से पहुंचे पर्यटक, सभी को नगरी के कण-कण में श्रीराम की छवि दिखाई दे रही थी। हर दिशा में श्रीराम, जय राम, जय जय राम की गूंज थी।

राम की पैड़ी पर जलते दीपों के बीच श्रद्धालुओं के मन में उमंग हिलोरें ले रही थी। सियावर रामचंद्र की जय के जयघोष के बीच सरयू की लहरें देख ऐसा लगा मानो मैया स्वयं अपने राम का स्वागत कर रही हों। मंदिरों, गलियों, मुख्य मार्गों और सरकारी-धार्मिक भवनों पर आकर्षक रोशनी की गई थी, जबकि नगरवासियों ने भी घरों में दीप जलाए।

56 घाटों पर जले दीप

मुख्यमंत्री के आग्रह पर अयोध्या के घर-घर, मठ-मंदिर, आश्रम और चौराहों पर दीप जगमगाए। राम की पैड़ी समेत 56 घाटों पर 36 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।

डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों और स्वयंसेवी संस्थाओं के 35 हजार से अधिक स्वयंसेवकों ने दीप सजाए और उनमें तेल-बाती डालने की अहम जिम्मेदारी निभाई। देश-विदेश से आए आगंतुक स्वच्छ, सुंदर, भव्य और दिव्य अयोध्या को देखकर भावविभोर हो उठे।

मंत्रिमंडल के साथ मुख्यमंत्री ने किया पूजन

मुख्यमंत्री योगी ने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ रामकथा पार्क में श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान और ऋषि-मुनियों की आरती उतारी। उन्हें तिलक लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर श्रद्धा अर्पित की गई। मंच पर मुख्यमंत्री, संतों और मंत्रियों ने श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक भी किया।

पुष्पवर्षा के बीच खींचा रथ

पुष्पक विमान से राम, लक्ष्मण और माता सीता के स्वरूप उतरे तो हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने रथ खींचा। अपने राजा के प्रति श्रद्धा का यह दृश्य देख भावुक श्रद्धालुओं की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। साधु-संतों और आम लोगों ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया।

उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और सीएम ने किया राजतिलक

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने श्रीराम का राजतिलक कर आरती उतारी।

सभी ने श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान को तिलक लगाकर और उपहार भेंट कर आस्था प्रकट की। इसके बाद संतों और अन्य मंत्रियों ने भी राजतिलक और आरती की। पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा।

एक भारत-श्रेष्ठ भारत परिकल्पना की झलक भी दिखी

योगी आदित्यनाथ ने 2017 में प्रदेश की कमान संभालने के बाद दीपोत्सव की परिकल्पना की थी। उनके प्रयासों से हर वर्ष इसकी भव्यता बढ़ती गई और इस बार 36 लाख से अधिक दीप जले। पूरी अयोध्या श्रीराम-मेरे राम के स्वर से गूंज उठी। मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क और राम की पैड़ी पर सियावर रामचंद्र, पवनसुत हनुमान, वृंदावन बिहारी लाल, सरयू मैया, भारत माता और हर हर महादेव के जयकारों से संबोधन शुरू किया और अंत जय जय श्रीराम से किया। प्रधानमंत्री मोदी की एक भारत-श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना की झलक भी यहां दिखी, जहां हर प्रांत, भाषा, समुदाय और जाति के लोग आस्था का दीप जलाने पहुंचे।

त्रेतायुग जैसी दिखी अयोध्या की शोभा

कलयुग में भी अयोध्या की शोभा त्रेतायुग जैसी अलौकिक नजर आई। श्रीराम मंदिर के प्रमुख द्वारों पर तोरणद्वार बनाए गए और कई क्विंटल फूलों से नगरी सजाई गई। सुबह निकली शोभायात्रा में 21 झांकियां शामिल रहीं। विदेशी कलाकारों ने भी रामलीला का मंचन किया। देश-विदेश और प्रदेश के 2500 से अधिक कलाकारों को रामनगरी में मंच मिला। चौराहों पर रंगोली बनाकर समृद्धि की कामना की गई।

उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने उतारी सरयू की आरती

वेदाचार्यों ने सरयू आरती की, जिसमें उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने भी मैया की आरती उतारी। योगी कैबिनेट के अन्य सहयोगी, साधु-संत और विशिष्टजन भी शामिल हुए। इसके लिए कई मंच बनाए गए थे। स्वदेशी ड्रोन शो में अयोध्या के आकाश में श्रीराम की आकृति उभरी और रामायण के विविध प्रसंगों की झलकियां देख कोई भावविह्वल हुआ तो कोई आह्लादित। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के कलाकारों ने अपनी लोकसंस्कृति की प्रस्तुति दी।

विज्ञापनयहाँ आपका विज्ञापनउत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पाठकों तक पहुंचें

यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं

अपनी खबरें इस नंबर पर भेजें: 97629 19516किसी कार्यक्रम या घटना की खबर, फोटो और वीडियो हमें व्हाट्सऐप करें।

इससे जुड़ी खबरें

खबर भेजें