रामभक्तों पर गोली चलाने वाले अयोध्या आएं तो माफी मांगकर आएं: सीएम योगी
दीपोत्सव-2026 में सीएम योगी ने रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों पर साधा निशाना, कहा- अयोध्या आएं तो माफी मांगकर आएं। अयोध्या के विकास और 40 हजार करोड़ की परियोजनाओं का भी किया जिक्र।
अयोध्या। अयोध्या धाम में आयोजित भव्य दीपोत्सव-2026 समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अयोध्या की उपेक्षा करने, रामभक्तों पर गोलियां चलवाने और संतों का अपमान करने के आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे लोग अयोध्या जरूर आएं, लेकिन पहले माफी मांगकर आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने रामभक्तों पर गोली चलवाई और संतों पर लाठीचार्ज कराया, उन्हें रामभक्तों और संतों से एक बार क्षमा याचना करनी चाहिए और अपने कृत्यों पर पश्चाताप करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम सबके पालनहार और कृपालु हैं, वे सबको माफ कर देंगे, लेकिन अहंकारी सत्ता का अहंकार तोड़ने में प्रभु क्षण भर की देर नहीं करते।
त्रेतायुग की स्मृतियां जीवंत कर रही अयोध्या
सीएम योगी ने कहा कि आज की अयोध्या त्रेतायुग की यादें ताजा कर रही है, जिस अयोध्या में कभी राम का नाम लेने पर लाठी और गोली चलती थी, जहां राम नाम को प्रतिबंधित करने का पाप किया जाता था और जिसे उपेक्षित व अभिशप्त बना दिया गया था, वही अयोध्या आज अपने प्राचीन गौरव के साथ पूरी दुनिया को आकर्षित कर रही है।
25 हजार से 30 लाख दीपों तक का सफर
मुख्यमंत्री ने कहा कि, दीपोत्सव का यह दसवां संस्करण अयोध्या की सांस्कृतिक चेतना, जन आस्था और रामभक्ति की अनूठी अभिव्यक्ति है। महज 25 हजार दीपों से शुरू हुआ यह सफर आज 25 लाख की सीमा पार कर 30 लाख दीप जलाने के संकल्प तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि, श्रीराम की चेतना ही भारत की चेतना है, यही देश की संस्कृति और संस्कार है। श्रीराम भारत राष्ट्र के प्राण हैं और उसका आत्मसम्मान भी। यही वजह है कि शास्त्रों ने सप्त पुरियों में अयोध्या को प्रथम पुरी का दर्जा दिया है। अयोध्या के कण-कण में प्रभु राम बसते हैं।
मुख्यमंत्री ने गोस्वामी तुलसीदास रचित रामचरितमानस की चौपाइयों का उल्लेख करते हुए अयोध्या की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा कि जब त्रेतायुग में प्रभु श्रीराम, माता जानकी, लक्ष्मण और हनुमान के साथ 14 वर्ष का वनवास पूरा कर लौटे होंगे, तब अयोध्यावासियों ने इसी तरह दीप जलाकर और उल्लास के साथ उनका स्वागत किया होगा। आज की अयोध्या उसी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृश्य की याद दिला रही है।
500 वर्षों के संघर्ष के बाद लौटा गौरव
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या ने अपने गौरव को वापस पाने के लिए लंबा संघर्ष किया है। 500 वर्षों की गुलामी और विदेशी आक्रांताओं के दौर में रामभक्तों, संतों, नागाओं, निहंगों और समाज के हर वर्ग ने संघर्ष किया। कारसेवकों ने बलिदान दिया और पूज्य संतों ने आंदोलन की अगुवाई की। अशोक सिंघल के नेतृत्व और संतों के मार्गदर्शन में राम जन्मभूमि आंदोलन आगे बढ़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हैं।
राम के अस्तित्व को स्वीकार करना पड़ रहाउन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अदालतों में वकीलों की फौज उतारकर राम के अस्तित्व को नकारने की कोशिश की, आज उन्हें भी राम का अस्तित्व स्वीकार करना पड़ रहा है। यह हमारी वैचारिक विजय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम ने कभी किसी से भेदभाव नहीं किया। उन्होंने वनवासी, गिरिवासी, वानर, भालू, निषादराज और माता शबरी सहित समाज के हर वर्ग को अपनाया। श्रीराम जन्मभूमि परिसर में महर्षि वाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र, माता शबरी और जटायु के मंदिर इसी समावेशी चेतना के प्रतीक हैं। अयोध्या बजरंगबली की नगरी है और हनुमानगढ़ी रक्षक देवता की उपस्थिति का प्रतीक है।
कथा की मर्यादा पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग कभी अयोध्या की गलियों को रक्तरंजित करते थे, आज वे भी अपने लोभ पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे हैं। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि कुछ लोग कथा में जाते हैं, तो उन्हें यह भी पता नहीं होता कि कथा की मर्यादा क्या होती है। कथा है या मुशायरा, इसका भी उन्हें भान नहीं रहता। हमारी कथाओं की अपनी मर्यादा और पवित्र परंपरा है, लेकिन कुछ लोग अपनी उच्छृंखल प्रवृत्ति के कारण राम की मर्यादा और कथा की पवित्रता का ध्यान रखे बिना उसे मुशायरे के दायरे में लाकर अपवित्र करने का प्रयास करते हैं।
तीन घंटे बिजली से स्मार्ट और सोलर सिटी तक
अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यहां मुश्किल से तीन घंटे बिजली मिलती थी, लेकिन आज अयोध्या देश की स्मार्ट सिटी और सोलर सिटी बन चुकी है। धर्म पथ, भक्ति पथ, श्रीराम पथ और जन्मभूमि पथ दुनिया भर के लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। कभी उपेक्षित रही अयोध्या में अब नया घाट से गुप्तार घाट तक घाटों की लंबी श्रृंखला विकसित हुई है। राम की पैड़ी पर पहले पानी सड़ता था, जबकि आज सरयू का स्वच्छ जल एक ओर से आता है और दूसरी ओर से बहकर वापस नदी में चला जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार अयोध्या में करीब 40 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कर रही है। त्रेतायुग में प्रभु श्रीराम पुष्पक विमान से अयोध्या आए थे, मगर वर्षों तक यहां एयरपोर्ट नहीं बन सका। आज महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या की पहचान है। जिन वाल्मीकि ने दुनिया को राम से परिचित कराया, उन्हीं के नाम पर बने एयरपोर्ट से आधुनिक अयोध्या अब दुनिया से जुड़ रही है। यहां माता शबरी के नाम पर रसोई और भोजनालय तथा निषादराज के नाम पर रैन बसेरे भी संचालित हो रहे हैं।
अब न कर्फ्यू लगेगा, न दंगे का दुस्साहस होगा
मुख्यमंत्री ने रामभक्तों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आपने जो इतिहास रचा है, उसके बाद अयोध्या कभी कर्फ्यू के दायरे में नहीं आएगी। यहां कोई दंगा-फसाद करने की हिम्मत नहीं कर सकेगा। अब कोई अयोध्या की उपेक्षा नहीं कर पाएगा, संतों का अपमान नहीं कर सकेगा और रामभक्तों पर गोली चलाने का दुस्साहस भी नहीं करेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपराष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि तमिलनाडु के एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेकर भी उन्होंने भारतीय परंपरा, संस्कृति और मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखी। वे सांसद, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल और अब उपराष्ट्रपति के रूप में अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मौजूद पूज्य संतों का भी अभिनंदन किया।
ये गणमान्य रहे उपस्थित
समारोह में मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी और जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह मौजूद रहे। इसके साथ ही जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर, स्वामी श्रीधराचार्य, स्वामी राघवाचार्य, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, मणिराम दास छावनी के श्रीमहंत कमलनयन दास, दिगंबर अखाड़ा के श्रीमहंत राम लखन दास, जगद्गुरु सतुआ बाबा समेत अन्य संतजन और विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी दिनेश भी उपस्थित रहे।
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने किया श्रीराम का राजतिलक
दीपोत्सव की भव्यता के बीच उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीराम का राजतिलक कर उनकी आरती उतारी। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी राजतिलक और आरती की। लक्ष्मण जी और हनुमान जी को तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। सभी अतिथियों ने श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी को उपहार भेंट कर अपनी श्रद्धा प्रकट की।
इसके बाद मौजूद साधु-संतों ने भी प्रभु का राजतिलक कर आरती उतारी। संतों के पूजन-अर्चन के बाद मंच पर उपस्थित मंत्रियों ने भी पूजन कर आरती की। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। दीपोत्सव के इस पावन अवसर पर जनप्रतिनिधियों, संतों और श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







