दीपोत्सव-2026: 15 फीट ऊंचे भव्य रामरथ पर विराजेंगे प्रभु श्रीराम
दसवें दीपोत्सव में अयोध्या के रामकथा पार्क में 16 फीट लंबा, 12 फीट चौड़ा और 15 फीट ऊँचा भव्य रामरथ तैयार हो रहा है। जानिए रथ की खासियत और दीपोत्सव की तैयारियां।
रामकथा पार्क में आकार ले रहा है 16 फीट लंबा और 12 फीट चौड़ा विशाल रामरथ
श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मणजी, हनुमानजी तथा अन्य दिव्य स्वरूप होंगे रथ पर विराजमान
योगी सरकार के नेतृत्व में भव्य रूप से मनाया जाएगा दीपोत्सव का दशक
अयोध्या, 5 नवम्बर। दीपोत्सव के दसवें वर्ष में प्रवेश करने के साथ ही रामनगरी अयोध्या में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण रामकथा पार्क में तैयार हो रहा विशाल रामरथ होगा, जिस पर जगत के पालनहार भगवान श्रीराम अपने दिव्य परिवार के साथ भक्तों को दर्शन देंगे। पर्यटन विभाग और संस्कृति विभाग द्वारा चयनित मोक्ष एडवर्टाइजिंग एंड इवेंट्स मैनेजमेंट कंपनी के प्रतिनिधि के अनुसार, यह रथ 16 फीट लंबा, 12 फीट चौड़ा और 15 फीट ऊंचा होगा। रथ पर माता सीता, लक्ष्मणजी और हनुमानजी के साथ अन्य दिव्य स्वरूप भी विराजमान रहेंगे।
हर वर्ष होता है भव्य दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के नेतृत्व में अयोध्या में हर वर्ष की तरह इस बार भी दीपोत्सव का आयोजन भव्य रूप से किया जाएगा। पूरा शहर दीपों की रोशनी से जगमगाएगा और रामकथा पार्क में सज रहा यह रामरथ उत्सव की शोभा को और बढ़ाएगा।
रामकथा पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों के मुताबिक, रथ को पारंपरिक और आधुनिक, दोनों शैलियों के सुंदर मेल के साथ तैयार किया जा रहा है। प्लाई और कैनवास जैसी सामग्री से बन रहे इस रामरथ की ऊंचाई 15 फीट रखी गई है, जिससे यह दूर से ही श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेगा। आयोजकों का कहना है कि, रथ पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी के साथ अन्य स्वरूपों को भी स्थान दिया जाएगा, ताकि रामकथा की संपूर्ण झाँकी लोगों के सामने प्रस्तुत की जा सके।
लाखों दीपों से जगमगाएगी रामनगरी
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या के घाटों, मंदिरों और प्रमुख मार्गों को लाखों दीपों से रोशन किया जाएगा। राज्य की योगी सरकार इस आयोजन को रामनगरी की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रमुख कार्यक्रम के रूप में देखती है। पिछले वर्षों की भाँति इस बार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामलीला और भक्ति संगीत की प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी।
तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर भी विशेष तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त पार्किंग, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। रामरथ के दर्शन और दीपोत्सव के भव्य आयोजन के साथ अयोध्या एक बार फिर भक्ति और संस्कृति का केंद्र बनेगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







