बरेलीः दोस्त को पता था दो लाख रुपये कहां हैं, दो साथियों के साथ मिलकर कर दी लूट
भोजीपुरा में दो लाख रुपये की लूट की साजिश पीड़ित के गांव के ही एक युवक ने रची थी। उसे पता था कि उवैस के पास दो लाख रुपये हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।
बरेली। भोजीपुरा में दो लाख रुपये की लूट की साजिश पीड़ित के गांव के ही एक युवक ने रची थी। उसे पता था कि उवैस के पास दो लाख रुपये हैं। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। रास्ते में उवैस को रोककर तमंचा दिखाया और रुपयों से भरा बैग छीनकर तीनों बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने अगले ही दिन तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटे गए पूरे दो लाख रुपये भी बरामद हो गए।
पुलिस के मुताबिक, भोजीपुरा के गांव रत्ना चुन्नीलाल निवासी मोहम्मद उवैस ने 30 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि गांव का ही मोनिस अली पुत्र छोटे शाह अपने दो साथियों के साथ उसे रास्ते में रोक लिया था। इसके बाद तमंचा दिखाकर उसके पास मौजूद बैग छीन लिया। बैग में दो लाख रुपये रखे थे।
वारदात के बाद तीनों बाइक से भाग निकले।
मामले की जानकारी मिलते ही भोजीपुरा पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में मोनिस अली का नाम सामने आया। इसके बाद उसके साथियों की तलाश शुरू की गई। 31 अक्टूबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी मनेहरा गांव के पास नहर की पुलिया पर मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें घेर लिया। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली की रगड़ लगने से सिपाही अंकित कुमार घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में रामपुर के खजुरिया खुर्द निवासी एहसान के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किये गए आरोपी
गिरफ्तार गए आरोपी में थाना भोजीपुरा के गांव रत्ना निवासी मोनिस अली पुत्र छोटे शाह चुन्नीलाल,थाना शीशगढ़ के गांव सराय निवासी विनीत गंगवार पुत्र महीपाल,थाना खजुरिया, रामपुर निवासी एहसान पुत्र जाकिर अली लूट में शामिल थे।
पूछताछ में खुली लूट की साजिश
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसलिए उन्होंने मिलकर रुपये लूटने की योजना बनाई थी। मोनिस को उवैस के पास दो लाख रुपये होने की जानकारी थी। उसी के कहने पर तीनों ने वारदात को अंजाम दिया। उनकी योजना लूटे गए रुपये आपस में बराबर बांटने की थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए दो लाख रुपये, एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






