मां को अंतिम विदाई, फिर कर्तव्य पथ पर लौटे सीएम योगी, कौशल दीक्षांत समारोह में हुए शामिल
मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देने के कुछ घंटे बाद सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ लौटे और पीएम मोदी के साथ 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। जयंत चौधरी ने भी उनकी कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
पंचूर व हरिद्वार में अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कर सीधे राजधानी पहुंचे मुख्यमंत्री
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी मंच से की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर्तव्यनिष्ठा की सराहना
लखनऊ। शनिवार की सुबह उत्तराखंड में बेटे के रूप में अपनी मां को नम आंखों से अंतिम विदाई देने के कुछ ही घंटों बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को राजधानी लखनऊ लौट आए। मातृशोक की गहरी व्यक्तिगत पीड़ा को मन में समेटे हुए उन्होंने एक बार फिर राजधर्म और जनसेवा को सबसे ऊपर रखा और 25 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की।
जयंत चौधरी ने की मुख्यमंत्री के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना
शनिवार शाम मुख्यमंत्री लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे, जहां 'पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह-2026' का आयोजन किया गया था।
उन्होंने मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ उपस्थिति दर्ज कराई और प्रदेश के युवाओं के कौशल विकास तथा उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने भी मंच से इस कठिन व्यक्तिगत घड़ी में मुख्यमंत्री के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
मां का अंतिम संस्कार करके शामिल हुए कार्यक्रम में
इससे पहले शनिवार सुबह पौड़ी गढ़वाल स्थित पैतृक गांव पंचूर और हरिद्वार में बेहद भावुक क्षण देखने को मिले। 91 वर्षीय माता सावित्री देवी के निधन के बाद योगी आदित्यनाथ ने सुबह पंचूर में पारंपरिक रस्मों को पूरा किया, पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए और अर्थी को कंधा दिया।
इसके बाद करीब 11:30 बजे हरिद्वार के चंडीघाट पर उनके छोटे भाई महेंद्र मोहन ने मुखाग्नि दी। मुखाग्नि के पश्चात मुख्यमंत्री ने चिता की परिक्रमा की और मां को अंतिम प्रणाम किया।
पंचूर और हरिद्वार में अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी करने के बाद वे सीधे राजधानी पहुंचे। निजी जीवन के सबसे बड़े दुख के क्षणों में भी बिना रुके और बिना थके जनता की सेवा में जुटे रहना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस संकल्प को दर्शाता है, जिसमें हर परिस्थिति में लोककल्याण और कर्तव्य ही सर्वोपरि है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







