पीएम आवास पर हाईलेवल बैठक, अमित शाह, नितिन नवीन और बी एल संतोष मौजूद
प्रधानमंत्री मोदी के आवास पर अमित शाह, नितिन नवीन और बी एल संतोष के साथ हाईलेवल बैठक हुई। इससे पहले मंत्रिपरिषद की बैठक में गरीबी उन्मूलन और नक्सलवाद के खात्मे पर विस्तार से चर्चा हुई।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर बुधवार को एक अहम हाईलेवल बैठक चल रही है। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष मौजूद हैं।
पहले हुई थी मंत्रिपरिषद की बैठक
इससे पहले पीएम मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की बैठक हुई, जिसमें दो प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पहला मुद्दा 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने का था, जबकि दूसरा नक्सलवाद के खात्मे से जुड़ा था। गृह और वित्त समेत विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के 11 सचिवों ने भी अपने-अपने विषयों पर प्रेजेंटेशन दिया।
बैठक में केंद्र सरकार के गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की सराहना की गई। इस दौरान विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला भी दिया गया, जिसके अनुसार 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अत्यधिक गरीबी की दर में 90 प्रतिशत की गिरावट आई है। पहले हर चार में से एक से ज्यादा भारतीय अत्यधिक गरीबी में थे, जबकि अब यह आंकड़ा लगभग हर 38 में से एक व्यक्ति तक सिमट गया है।
इन मुद्दों पर हुई थी चर्चा
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि, बैठक में गरीबी घटाने और नक्सली खतरे को जड़ से खत्म करने के उपायों पर गहन मंथन हुआ। इसके अलावा सुशासन, सुधारों और कल्याणकारी व विकास योजनाओं के जरिए महिलाओं और युवाओं तक पहुंच बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
गौरतलब है कि, मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में हुई थी, जिसे चिंतन शिविर नाम दिया गया था। उसमें मंत्रियों ने इस पर विचार किया था कि, सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत असली लाभार्थियों तक कैसे पहुंचे। उस बैठक में मंत्रिपरिषद को आठ समूहों में बांटा गया था और प्रधानमंत्री ने हर समूह से अलग-अलग संवाद करने के साथ सभी को एक साथ संबोधित भी किया था। बुधवार की बैठक को कोई विशेष नाम नहीं दिया गया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






