ODOP की तर्ज पर यूपी में 'वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट', सीएम योगी का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर ओडीओपी की तर्ज पर 'वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट' को बढ़ावा देने की घोषणा की। अकादमी में खाली पद तुरंत भरने के निर्देश भी दिए।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार संस्कृति और लोक कलाओं को नई उड़ान देने की तैयारी में जुट गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोमती नगर के संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह 'धरोहर' को संबोधित करते हुए ओडीओपी और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन की तर्ज पर 'वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट' को बढ़ावा देने की घोषणा की।
जल्द भरें जाएंगे खाली पद
उन्होंने कहा कि, भारत की संस्कृति को मिटाने के लिए कई षड्यंत्र रचे गए, लेकिन सनातन परंपरा और लोक कलाओं ने कठिन दौर में भी देश की आत्मा को जीवित रखा। मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग को अकादमी में खाली पदों को तुरंत भरने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की कई संस्कृतियां इतिहास में खो गईं, पर भारत की संस्कृति को न तलवार मिटा सकी और न मानसिक गुलामी। लोक परंपराओं ने पीढ़ी दर पीढ़ी देश के आत्मसम्मान को संजोए रखा। उन्होंने माना कि, आजादी के बाद कई लोक कलाओं और वाद्ययंत्रों की उपेक्षा हुई, जबकि संस्कृति की उपेक्षा का मतलब पहचान के अहम अध्यायों का खत्म होना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए अपनी विरासत पर गर्व जरूरी है। सरकार काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज के सांस्कृतिक केंद्रों को संवार रही है, और दीपोत्सव व देव दीपावली जैसे आयोजन दुनिया को लुभा रहे हैं।
हर जिले की खास कला को मिलेगा मंच
योगी ने बताया कि, ओडीओपी की बदौलत प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन में भी बड़ी संभावनाएं हैं। उन्होंने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों से कहा कि 'वन डिस्ट्रिक्ट वन आर्ट' को प्राथमिकता दी जाए, हर जिले की विशिष्ट कला को आगे बढ़ाया जाए और कलाकारों को मंच मिले। उन्होंने सुझाव दिया कि कलाकार चौराहों पर प्रस्तुति दें, बशर्ते सड़क जाम न हो।
युवाओं से अपील- तकनीक अपनाएं, लेकिन जड़ें न भूलें
युवा कलाकारों से मुख्यमंत्री ने कहा कि, वे डिजिटल माध्यम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का पूरा उपयोग करें। दुनिया के सामने नए प्रयोग रखें, लेकिन माटी की सुगंध, लोक धुन और गुरु की सीख को न भूलें। उन्होंने कहा, तकनीक जीवन आसान बनाने के लिए है, जड़ों और रिश्तों को तोड़ने के लिए नहीं।
युवा कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना
विचित्रवीणा, सारंगी और पखावज जैसे लुप्तप्राय वाद्ययंत्रों पर युवा कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे भरोसा मिलता है कि विरासत सुरक्षित हाथों में है। मंच से ही उन्होंने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को निर्देश दिया कि, बोर्ड या कमेटी बनाकर चयन किया जाए और जरूरत पड़ने पर उम्र सीमा में छूट देकर भी पद भरे जाएं।
शिव के डमरू से कृष्ण की बांसुरी तक
मुख्यमंत्री ने कहा कि, भारत में संगीत सिर्फ मनोरंजन नहीं, परमात्मा की आराधना का मार्ग है। शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्र निकले, जबकि श्रीकृष्ण की बांसुरी और मां सरस्वती की वीणा नाद से जोड़ती है। उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के साथ पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर को नमन किया। ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा का भी उन्होंने खास उल्लेख किया।
पुरस्कार राशि बढ़ाने का प्रस्ताव मंजूर
अकादमी अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने बताया कि, 13 नवंबर 1963 को स्थापित अकादमी संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कलाओं के संरक्षण में जुटी है। उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों के लिए चिकित्सा सुविधा और बोनस जैसी सुविधाओं तथा रिक्त पदों को भरने की जरूरत बताई। पुरस्कार राशि बढ़ाने का प्रस्ताव स्वीकार करने पर उन्होंने सरकार का आभार जताया। साथ ही बताया कि, समारोह में राज्य कला संग्रहालय और ललित कला अकादमी की प्रदर्शनी के साथ रंगोली भी सजाई गई है।
वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी लगी
मुख्यमंत्री ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और वंदे मातरम् का गायन हुआ। अकादमी की 63 वर्षों की यात्रा पर लघु फिल्म दिखाई गई और मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी देखी। प्रतियोगिता के विजेताओं में शिवांश सिंह (विचित्रवीणा), अंशुल तुकवार (सारंगी), सोहम मिश्र (तबला), वैभव रामदास (पखावज) और अथर्व प्रताप सिंह (बांसुरी) ने प्रस्तुति दी। अध्यक्ष जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन समेत कई हस्तियां उपस्थित रहीं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







