बरेली जंक्शन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं, बनेगा इमरजेंसी वार्ड और ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन
जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रेलवे प्रशासन कई नई व्यवस्थाएं शुरू करने जा रहा है। इसके तहत मनोरंजन सदन के पास ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन और प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आधुनिक इमरजेंसी वार्ड बनाया जाएगा।
बरेली। जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए रेलवे प्रशासन कई नई व्यवस्थाएं शुरू करने जा रहा है। इसके तहत मनोरंजन सदन के पास ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन और प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आधुनिक इमरजेंसी वार्ड बनाया जाएगा। दोनों परियोजनाओं को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत पूरा किया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए फुट ओवरब्रिज समेत अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
दरअसल, बरेली जंक्शन पर फिलहाल चिकित्सा सुविधा के नाम पर केवल एक हेल्थ यूनिट संचालित है। यहां डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भी कमी है। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 40 से 45 हजार यात्री जंक्शन से आवागमन करते हैं। ऐसे में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का अभाव यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर मानकों से जुड़ी खामियों के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। ट्रेन की चपेट में आने या प्लेटफॉर्म पर गिरकर घायल होने वाले यात्रियों को तत्काल उपचार नहीं मिल पाता। ऐसी स्थिति में उन्हें नजदीकी निजी अस्पतालों में भेजना पड़ता है।
कई बार इलाज में देरी भी गंभीर साबित होती है। नई व्यवस्था के तहत बनने वाले इमरजेंसी वार्ड में निजी अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी, जिससे जरूरत पड़ने पर यात्रियों को जंक्शन परिसर में ही तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। वहीं, ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन शुरू होने से रेलवे स्टेशन परिसर में ही इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने की सुविधा मिलेगी। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि दोनों परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू कराया जाएगा। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






