बरेली। चौपुला पर डॉक्टर की पत्नी से मोबाइल छीनकर हुआ फरार स्कूटी सवार बदमाश
शहर के चौपुला इलाके में शनिवार सुबह मोबाइल लूट की वारदात सामने आई। मंदिर के पास सफेद स्कूटी सवार एक बदमाश डॉक्टर की पत्नी के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।
बरेली। शहर के चौपुला इलाके में शनिवार सुबह मोबाइल लूट की वारदात सामने आई। मंदिर के पास सफेद स्कूटी सवार एक बदमाश डॉक्टर की पत्नी के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। महिला ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी अटल सेतु के रास्ते सिटी सब्जी मंडी की ओर निकलकर भीड़ में गायब हो गया। बदमाश ने पहचान छिपाने के लिए स्कूटी की नंबर प्लेट पर काला टेप लगा रखा था।
बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रही थीं महिला
क्यारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. तरुण शर्मा की पत्नी श्रद्धा शर्मा शनिवार सुबह अपने बेटे को रामपुर बाग स्थित स्कूल छोड़ने गई थीं। बेटे को स्कूल छोड़ने के बाद वह स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पटेल चौक से चौपुला की ओर जाने वाले रास्ते पर मंदिर के पास बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया।
पीछे से आकर मोबाइल छीनकर भागा बदमाश
श्रद्धा शर्मा के मुताबिक, वह सड़क से गुजर रही थीं, तभी पीछे से सफेद स्कूटी पर सवार एक युवक आया और उनके हाथ से ओप्पो कंपनी का मोबाइल छीनकर भाग निकला। अचानक हुई घटना से वह घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया, लेकिन बदमाश ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी और पकड़ में नहीं आया।
अटल सेतु से सिटी सब्जी मंडी की ओर हुआ फरार
मोबाइल छीनने के बाद आरोपी अटल सेतु पर चढ़ गया और दूसरी ओर सिटी सब्जी मंडी की तरफ उतरकर भीड़ में गायब हो गया। महिला ने बताया कि बदमाश ने सफेद कुर्ता-पायजामा पहन रखा था। उसके चेहरे पर काला मास्क था और बाल कटोरा कटिंग में थे। वह सफेद रंग की स्कूटी चला रहा था, जिसकी नंबर प्लेट पर काला टेप चिपका हुआ था।
सीसीटीवी निगरानी पर उठे सवाल
शहर में सीसीटीवी कैमरों और यातायात निगरानी व्यवस्था के बावजूद बदमाश का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। श्रद्धा शर्मा ने कोतवाली में मोबाइल लूट की शिकायत दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। अब पुलिस से आरोपी की पहचान कर मोबाइल बरामद करने की उम्मीद है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






