बरेलीः तपदोन्नति और वरिष्ठता का मुद्दा उठा, सीएमओ कार्यालय में फार्मेसिस्टों ने जताई नाराजगी
सरकारी अस्पतालों में दवाओं की व्यवस्था संभालने वाले फार्मेसिस्ट अब अपनी सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए हैं।
बरेली। सरकारी अस्पतालों में दवाओं की व्यवस्था संभालने वाले फार्मेसिस्ट अब अपनी सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। शुक्रवार को डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में जिलेभर के फार्मेसिस्टों ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर धरना दिया। कर्मचारियों ने शासन स्तर पर लंबित मांगों को लेकर नाराजगी जताई और जल्द फैसला लेने की मांग की। धरने में शामिल एसोसिएशन के मंडलीय सचिव एवं कोषाध्यक्ष अखिलेश सक्सेना ने कहा कि फार्मेसिस्ट संवर्ग में लंबे समय से पदोन्नति और वरिष्ठता से जुड़े मामले अटके हुए हैं।
कई बार अधिकारियों के सामने समस्याएं रखी गईं, लेकिन आश्वासन मिलने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पदनाम में बदलाव, वरिष्ठता सूची जारी करने और खाली उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग उठाई। उनका कहना था कि वित्तीय लाभ से जुड़े मामलों के साथ दूसरी विभागीय समस्याओं का भी समाधान नहीं किया जा रहा है।
एसोसिएशन ने साफ किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा।
मांगें पूरी नहीं होने पर 20 नवंबर को प्रदेशभर के फार्मेसिस्ट लखनऊ में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के कार्यालय पर जुटेंगे। वहां अगले आंदोलन की रणनीति तय करने के साथ हड़ताल का भी एलान किया जा सकता हैं। धरने में जिला अध्यक्ष जनार्दन सिंह गंगवार, संरक्षक बीसी यादव, सह संरक्षक संजीव कुमार सक्सेना, हरीश चंद्र सिंह और वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह समेत अन्य फार्मेसिस्ट मौजूद रहे।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






