ग्रेटर बरेली के दो सेक्टरों में प्लॉट खरीदने का रास्ता साफ, रेरा से मिली मंजूरी
ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में प्लॉट खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के सेक्टर-5 और सेक्टर-8 को यूपी रेरा में पंजीकृत कर दिया गया है।
बरेली। ग्रेटर बरेली आवासीय योजना में प्लॉट खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के सेक्टर-5 और सेक्टर-8 को यूपी रेरा में पंजीकृत कर दिया गया है। इन दोनों सेक्टरों का रजिस्ट्रेशन करीब दो साल से अटका हुआ था। बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने पदभार संभालने के बाद इस काम को प्राथमिकता दी और चार महीने के भीतर दोनों परियोजनाओं का पंजीकरण करा दिया।
सेक्टर-8 में कुल 216 प्लॉट रखे गए हैं। इनमें आवासीय, मिश्रित इस्तेमाल और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए जमीन शामिल है। योजना के तहत पार्क, चौड़ी सड़कें, पानी की सप्लाई, सीवर लाइन, स्ट्रीट लाइट और बिजली जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सेक्टर-5 में भी लोगों को जरूरी सुविधाओं के साथ आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के मुताबिक, दोनों सेक्टरों का रेरा में पंजीकरण होने से प्लॉट खरीदने वालों को राहत मिलेगी। रेरा के नियमों के तहत परियोजना में जमा होने वाली रकम का इस्तेमाल उसी योजना के विकास कार्यों में किया जाएगा। इसके अलावा स्वीकृत नक्शे के अनुसार विकास कार्य कराने, तय समय में कब्जा देने और पैसों का हिसाब पारदर्शी रखने की जिम्मेदारी भी तय होगी।
उन्होंने बताया कि दोनों परियोजनाओं में विकास कार्य तय समय और गुणवत्ता के साथ पूरे कराए जाएंगे। इससे जुड़ी जानकारी बीडीए की वेबसाइट www.bdainfo.org पर उपलब्ध कराई जाएगी। किसी तरह की शिकायत होने पर आवंटी रेरा में भी अपनी बात रख सकेंगे।
दोनों सेक्टरों के रेरा में पंजीकृत होने से ग्रेटर बरेली योजना के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। इससे प्लॉट खरीदने वाले लोगों को भी निवेश से जुड़ी जानकारी और सुरक्षा के लिए कानूनी व्यवस्था मिलेगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






