बरेली: जनगणना ट्रेनिंग के दौरान शिक्षकों का फूटा गुस्सा, SDM पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, धरने पर बैठे शिक्षक
जिले की आंवला तहसील में जनगणना प्रशिक्षण के दौरान शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। शिक्षकों ने एसडीएम सुशील मिश्रा पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
बरेली। जिले की आंवला तहसील में जनगणना प्रशिक्षण के दौरान शुक्रवार को जमकर हंगामा हो गया। शिक्षकों ने एसडीएम सुशील मिश्रा पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। मामला उस समय बिगड़ा, जब भोजन के पैकेट लेने के लिए कतार में खड़े शिक्षकों के साथ कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार किया गया। इससे नाराज शिक्षकों ने प्रशिक्षण का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
भोजन की कतार में खड़े शिक्षकों पर टिप्पणी का आरोप
जानकारी के मुताबिक, आंवला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों का प्रशिक्षण चल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे शिक्षक भोजन के पैकेट लेने के लिए लाइन में खड़े थे। इसी दौरान एसडीएम सुशील मिश्रा वहां पहुंचे। शिक्षकों का आरोप है कि कतार में खड़े देखकर एसडीएम नाराज हो गए और उन्होंने शिक्षकों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कथित तौर पर शिक्षकों को 'भूखे, नंगे कुत्ते न जाने कहां-कहां से आ जाते हैं' कहकर संबोधित किया। इस टिप्पणी के बाद शिक्षकों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने प्रशिक्षण छोड़कर एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
शिक्षक संगठनों ने जताई नाराजगी
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि शिक्षक जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। भोजन की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी और शिक्षक उसी व्यवस्था के तहत कतार में खड़े थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक भीख मांगने नहीं गए थे। किसी जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी की ओर से इस तरह की कथित टिप्पणी करना पूरी शिक्षक बिरादरी का अपमान है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दामोदर स्वरूप पार्क में देर रात तक धरना
आंवला में विरोध प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में शिक्षक बरेली पहुंचे और देर रात दामोदर स्वरूप पार्क में धरने पर बैठ गए। शिक्षकों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर एसडीएम सुशील मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग की। शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी है कि जब तक संबंधित अधिकारी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक जिले के शिक्षक जनगणना कार्य का बहिष्कार करेंगे।
एसडीएम का पक्ष नहीं आया सामने
इस मामले में एसडीएम सुशील मिश्रा से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। ऐसे में फिलहाल उनकी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब इस पूरे मामले में जिला प्रशासन के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं। वहीं, शिक्षकों की जनगणना कार्य के बहिष्कार की चेतावनी से प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







