बरेली के महादेव पुल पर चाइनीज मांझे की चपेट में आया स्कूटी सवार, कार से टकराकर गिरा
बरेली में कोतवाली के पास महादेव पुल पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की चपेट में आकर स्कूटी सवार राजीव रस्तोगी हादसे का शिकार हो गए। नाक पर मांझा लगने से घबराए राजीव पीछे से आ रही कार से टकराकर सड़क पर गिरे।
बरेली। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा। तमाम इंतजामों और सड़क किनारे रेलिंग लगाए जाने के बाद भी मांझे से हादसे लगातार हो रहे हैं। ताजा मामला कोतवाली से कुछ ही कदम दूर महादेव पुल का है, जहां स्कूटी सवार राजीव रस्तोगी मांझे की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गए।
नाक पर लगा मांझा
चाणक्यपुरी कॉलोनी, एमबी इंटर कॉलेज निवासी राजीव रस्तोगी ने बताया कि वह घर से महादेव पुल के रास्ते फोटो की लैब जा रहे थे, तभी अचानक मांझा उनकी नाक पर आकर लगा। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन नाक पर मांझा लगते ही वह घबरा गए और हाथ से उसे हटाने लगे।
इसी दौरान उन्होंने स्कूटी की रफ्तार कम की और पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें उठाया और परिजनों को खबर दी। सूचना पाकर परिवार के लोग तुरंत पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
अब सवाल यह है कि, शहर में मांझे पर रोक कब लगेगी? महादेव पुल जैसे व्यस्त मार्ग पर रेलिंग होने के बावजूद ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। प्रशासन और पुलिस को मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






