ATM से पैसे निकालने और बैलेंस चेक करने के नियम बदले, फ्री ट्रांजैक्शन के बाद लगेगा चार्ज
अगर आप ATM से बार-बार पैसे निकालते हैं या बैलेंस चेक करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM और दुकानों पर लगी PoS मशीनों से कैश निकालने के नियमों को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं।
नई दिल्ली। अगर आप ATM से बार-बार पैसे निकालते हैं या बैलेंस चेक करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM और दुकानों पर लगी PoS मशीनों से कैश निकालने के नियमों को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं। नए नियमों के तहत अब बैंकों को ग्राहकों को यह जानकारी देनी होगी कि उन्होंने महीने में कितनी फ्री ATM ट्रांजैक्शन का इस्तेमाल कर लिया है और कितनी अभी बाकी हैं। इसके अलावा फ्री लिमिट खत्म होने के बाद होने वाले चार्ज की जानकारी भी देनी होगी। हालांकि, फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
महीने में कितनी बार ATM से मुफ्त निकाल सकेंगे पैसे?
RBI के नियमों के मुताबिक, सेविंग अकाउंट वाले ग्राहकों को हर महीने कुछ ATM ट्रांजैक्शन मुफ्त मिलेंगे। इसकी सीमा इस प्रकार है:
अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 ट्रांजैक्शन मुफ्त होंगे।
दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में 3 ट्रांजैक्शन मुफ्त मिलेंगे।
दूसरे बैंक के ATM से छोटे और गैर-मेट्रो शहरों में 5 ट्रांजैक्शन मुफ्त होंगे।
ध्यान देने वाली बात यह है कि इन ट्रांजैक्शन में सिर्फ पैसे निकालना ही नहीं, बल्कि बैलेंस चेक करने जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
फ्री लिमिट खत्म होते ही देना होगा 23 रुपये तक शुल्क
अगर आप महीने में मिलने वाली मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा पूरी कर लेते हैं और इसके बाद ATM का इस्तेमाल करते हैं, तो बैंक आपसे अतिरिक्त शुल्क ले सकता है। RBI के निर्देशों के अनुसार, फ्री लिमिट से ज्यादा हर ट्रांजैक्शन पर बैंक अधिकतम 23 रुपये चार्ज कर सकते हैं। इसके अलावा लागू टैक्स भी देना होगा। इसलिए ATM का इस्तेमाल करते समय अपनी मुफ्त ट्रांजैक्शन की सीमा का ध्यान रखना जरूरी है।
अब बैंक खुद बताएंगे कितनी फ्री ट्रांजैक्शन बची हैं
नए नियमों के तहत बैंकों को ग्राहकों को SMS या अन्य माध्यमों से जरूरी जानकारी देने की व्यवस्था करनी होगी। बैंक ग्राहकों को बताएंगे कि उन्होंने महीने में कितनी मुफ्त ट्रांजैक्शन कर ली हैं, कितनी अभी बाकी हैं और अगली ट्रांजैक्शन पर कितना शुल्क लग सकता है। इससे ग्राहकों को बिना जानकारी के ATM इस्तेमाल करने पर खाते से पैसे कटने की परेशानी कम होगी।
ATM से पैसे नहीं निकले तो नहीं देना होगा चार्ज
RBI ने कुछ असफल ATM ट्रांजैक्शन को लेकर भी स्थिति साफ की है। अगर ATM में तकनीकी खराबी, नेटवर्क की समस्या या कैश उपलब्ध नहीं होने की वजह से पैसे नहीं निकलते हैं, तो ऐसी ट्रांजैक्शन को फ्री लिमिट में नहीं गिना जाएगा। गलत PIN या वैलिडेशन से जुड़ी कुछ समस्याओं के कारण फेल हुई ट्रांजैक्शन पर भी निर्धारित नियमों के अनुसार चार्ज नहीं लगेगा।
दुकानों पर भी ATM कार्ड और UPI से निकाल सकेंगे कैश
RBI ने दुकानों पर लगी PoS (Point of Sale) मशीनों से पैसे निकालने के नियम भी स्पष्ट किए हैं। अब ग्राहक डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट और UPI के जरिए दुकानों से नकदी निकाल सकेंगे।
इस सुविधा के तहत:
एक बार में अधिकतम 2,000 रुपये निकाले जा सकेंगे।
एक महीने में कुल 10,000 रुपये तक कैश निकालने की सुविधा होगी।
इस सुविधा पर 1 प्रतिशत शुल्क लागू होगा।
खास बात यह है कि दुकानदार से कोई सामान खरीदना जरूरी नहीं होगा। ग्राहक बिना खरीदारी किए भी PoS मशीन के जरिए नकदी ले सकेंगे। अगर कोई ग्राहक सामान खरीदने के साथ कैश भी निकालता है, तो दुकानदार को बिल में खरीदारी की रकम और निकाली गई नकदी का विवरण अलग-अलग दिखाना होगा।
ATM इस्तेमाल करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
RBI के नए निर्देशों का उद्देश्य ATM और PoS से जुड़ी सुविधाओं को अधिक पारदर्शी बनाना है। ग्राहकों को अब अपनी मुफ्त ट्रांजैक्शन की जानकारी मिल सकेगी और अतिरिक्त शुल्क के बारे में पहले से पता रहेगा। ऐसे में ATM का इस्तेमाल करते समय अपनी फ्री लिमिट और बैंक के शुल्क संबंधी नियमों की जानकारी जरूर रखें।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






