बरेलीः रुहेलखंड विश्वविद्यालय का जलवा बरकरार, लगातार तीसरी बार विधानसभा पहुंचेगा सांस्कृतिक केंद्र का प्रतिनिधि
अभय कुमार सिंह ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में हासिल किया दूसरा स्थान, अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे बरेली का प्रतिनिधित्व
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक केंद्र के कल्चरल क्लब से जुड़े अभय कुमार सिंह ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट @2047 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। साथी ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। वह अब राज्य विधानसभा में आयोजित होने वाली युवा छात्र संसद में बरेली जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रखा गया था। भाषण प्रतियोगिता में अभय कुमार सिंह ने अपने मौलिक विचारों, प्रभावशाली वक्तृत्व कला और शानदार प्रस्तुतीकरण से निर्णायकों को प्रभावित किया और दूसरा स्थान प्राप्त किया।
लगातार तीसरी बार विधानसभा तक पहुंचा रुहेलखंड विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि सांस्कृतिक केंद्र ने लगातार तीसरी बार राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा छात्र संसद में अपनी जगह बनाई है। विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक समन्वयक प्रो. ज्योति पाण्डेय ने बताया कि इससे पहले सांस्कृतिक केंद्र के दीपांशु दीप ने वर्ष 2025 और 2026 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत विधानसभा में प्रतिभाग किया था। वहीं, सांस्कृतिक केंद्र की पूर्व सदस्य स्वर्णिमा गुप्ता ने भी वर्ष 2026 में विधानसभा में प्रतिभाग किया था।
कुलपति ने दी बधाई
अभय की सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने सांस्कृतिक केंद्र और अभय कुमार सिंह को बधाई दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच, तार्किक क्षमता और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करने में मददगार होते हैं।
विधानसभा में दिखेगी युवाओं की प्रतिभा
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट केवल भाषण प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय कार्यप्रणाली, नीति निर्माण और विधायी प्रक्रिया से परिचित कराने की एक महत्वपूर्ण पहल है। जिला स्तर पर चयनित शीर्ष तीन प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विधानसभा के ऐतिहासिक भवन में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। यहां से प्रत्येक राज्य के शीर्ष तीन प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
इस दौरान प्रतिभागियों को विधानसभा अध्यक्ष और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के सामने अपनी बात रखने के साथ सदन की कार्यवाही, प्रश्नकाल और विधायी चर्चा को समझने का अवसर भी मिलेगा। अभय की इस उपलब्धि पर कुलसचिव महेंद्र कुमार सिंह, वित्त अधिकारी महिमा चंद, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव, सांस्कृतिक समन्वयक प्रो. ज्योति पाण्डेय, डॉ. इंद्रप्रीत कौर, डॉ. सौरभ वर्मा, डॉ. रीना पंत और डॉ. अतुल कटियार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कल्चरल क्लब के विद्यार्थियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






