कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
कुलगाम के मीर बाजार में CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले का CCTV वीडियो सामने आया है। हमले में तीन जवान घायल हुए, हमलावर बाइक से फरार हैं।
मीर बाजार में बैठे जवानों पर अचानक होने लगी फायरिंग
कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
बाइक से भागे हमलावर, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फुटेज में हमले के दौरान का खौफनाक मंजर कैद हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि मीर बाजार में बंद दुकानों के बाहर फुटपाथ पर सीआरपीएफ के जवान बैठे थे।
दोपहर करीब 2:06 बजे अचानक फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां एक जवान के पास जमीन पर लगीं और धूल उड़ने लगी। इसके तुरंत बाद जवान जान बचाने के लिए कवर लेने के लिए भागा और कुछ ही देर में हथियार लेकर वापस लौटा। वह यह देखने लगा कि गोलियां किस दिशा से चल रही हैं।
करीब 5 मिनट तक गूंजती रहीं गोलियां
सीसीटीवी फुटेज में लगभग 5 मिनट तक गोलियों की आवाजें, जवानों के एक-दूसरे को अलर्ट करने की आवाजें और अफरा-तफरी का माहौल देखा और सुना जा सकता है। दोपहर करीब 2:07 बजे फुल कॉम्बैट गियर में एक और जवान दुकानों की छत पर चढ़ता दिखता है। इसी बीच कैमरे से दूर मौजूद एक घायल जवान जोर से चिल्लाता है, ‘हमें गोली लगी है, जल्दी आओ।’
पूरे वीडियो में करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग रिकॉर्ड हुई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि, सभी गोलियां आतंकियों ने चलाईं या कुछ जवानों की जवाबी कार्रवाई की भी थीं।
एक जवान की हालत गंभीर
हमले में तीन जवान घायल हुए हैं। उन्हें घटनास्थल से करीब 22 किलोमीटर दूर अनंतनाग के अस्पताल पहुंचाया गया। एक जवान के पेट में गोली लगी है, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। दो अन्य जवानों के हाथ और पैर में चोट आई हैं।
शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
फायरिंग के तुरंत बाद हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान और उनकी लोकेशन ट्रैक करने के लिए आसपास की दुकानों और इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







