महंगाई का डबल झटका, मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम
मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी 12 नवंबर से दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए। जानें वजह और किसानों पर क्या पड़ेगा असर।
नई दिल्ली। मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने 12 नवंबर यानी कल से पूरे देश में अपने प्रमुख पैकेट वाले दूध उत्पादों की कीमतों में करीब 4-5 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। सबसे ज्यादा बिकने वाले अमूल ताजा टोन्ड मिल्क की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर (लगभग 3.3 प्रतिशत) की वृद्धि हुई है।
2 से 4 रुपए प्रति लीटर महंगा मिलेगा दूध
वहीं ‘अमूल गोल्ड’ (6 प्रतिशत फैट वाले) दूध की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर (5.5 प्रतिशत) की बढ़ोतरी की गई है। इससे ठीक पहले मदर डेयरी ने भी 2 से 4 रुपये प्रति लीटर दूध महंगा किया था। नई कीमतें 12 नवंबर से लागू होंगी। अमूल ने बताया कि, यह बढ़ोतरी उत्पादन और प्रोसेसिंग की बढ़ती लागत के कारण जरूरी हो गई है।
इस साल हरे-सूखे चारे, पशु आहार (खली, मक्का, गुड़), पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की कीमतों में भारी इजाफा हुआ है। गुजरात सहित कई राज्यों में कम और असमान बारिश ने भी स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया है। कंपनी का कहना है कि, कीमत बढ़ाने का मुख्य मकसद दूध उत्पादकों को बेहतर दाम देना और मुश्किल समय में उनका सहयोग करना है।
आम घरों के बजट पर पड़ेगा असर
पिछले एक साल में सदस्य यूनियनों ने किसानों से दूध खरीद मूल्य में 4-5 प्रतिशत की बढ़ोतरी पहले ही कर दी थी। अब की यह वृद्धि भी किसानों को अतिरिक्त राहत देगी। अमूल के अनुसार, कोऑपरेटिव मॉडल के तहत उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा सीधे 36 लाख दूध उत्पादकों तक पहुंचता है। कीमत बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा किसानों को मिलेगा, जिससे उन्हें उत्पादन बढ़ाने का प्रोत्साहन मिलेगा। दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु महंगी होने से आम घरों के बजट पर असर पड़ना तय है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







