छठ पूजा पर रेलवे की सौगात, चंडीगढ़ से कटिहार के लिए आज चलेगी स्पेशल ट्रेन
छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत दी है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कन्फर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए उत्तर रेलवे चंडीगढ़ से बिहार के कटिहार के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है।
नई दिल्ली। छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत दी है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कन्फर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए उत्तर रेलवे चंडीगढ़ से बिहार के कटिहार के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। यह ट्रेन आज यानी 9 नवंबर की रात 11 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी।
यूपी के इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
उत्तर रेलवे के मुताबिक, ट्रेन चंडीगढ़ से चलकर अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और गोरखपुर होते हुए बिहार पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया रेलवे स्टेशनों पर भी रुकेगी।
रिजर्वेशन की जरूरत नहीं
इस स्पेशल ट्रेन की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह अनारक्षित होगी। यानी यात्रियों को पहले से सीट बुक कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्री रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर से सामान्य टिकट खरीद सकते हैं। इसके अलावा Rail One मोबाइल ऐप के जरिए भी अनारक्षित टिकट बुक किया जा सकता है। यह ट्रेन उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है और वे छठ पूजा पर अपने घर पहुंचना चाहते हैं।
13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व
दीपावली के बाद अब देशभर में छठ महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस साल छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसके बाद 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। हर साल छठ के मौके पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोग उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड स्थित अपने घरों का रुख करते हैं। ऐसे में रेलवे की यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों की भीड़ कम करने और उन्हें त्योहार पर घर पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






