बरेलीः खोई उम्मीद के बीच बरेली पुलिस ने लौटाई मुस्कान, 374 खोए मोबाइल असली मालिकों सौपे
मोबाइल फोन खोने या चोरी होने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए बरेली पुलिस राहत लेकर आई है। पुलिस ने अक्टूबर महीने में 374 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बरेली। मोबाइल फोन खोने या चोरी होने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए बरेली पुलिस राहत लेकर आई है। पुलिस ने अक्टूबर महीने में 374 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। बरामद फोन उनके असली मालिकों को सौंपे जा रहे हैं। खास बात यह है कि पुलिस का यह अभियान सिर्फ अक्टूबर तक सीमित नहीं है।
जनवरी से अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 3,880 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी कीमत करीब 7 करोड़ 76 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। यानी दस महीने में पुलिस हजारों लोगों के खोए मोबाइल वापस दिला चुकी है।बहेड़ी थाना सबसे आगे मोबाइल बरामद करने के मामले में बहेड़ी थाना सबसे आगे रहा। यहां की साइबर टीम ने 35 मोबाइल फोन बरामद किए। बिथरी चैनपुर ने 27, कोतवाली और इज्जतनगर ने 26-26 मोबाइल बरामद किए। इसके अलावा सुभाषनगर ने 22, बारादरी ने 21 और फरीदपुर ने 20 मोबाइल फोन खोज निकाले। कैंट और जिला सर्विलांस सेल ने 15-15 मोबाइल बरामद किए।
23 थानों की साइबर टीमों को मिला सम्मान
मोबाइल फोन खोजने में बेहतर काम करने वाली 23 थानों की साइबर टीमों को सम्मानित किया गया। प्रत्येक टीम को एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया गया। सम्मान पाने वाली टीमों में बहेड़ी, बिथरी चैनपुर, कोतवाली, इज्जतनगर, बारादरी, कैंट, प्रेमनगर, विशारतगंज, देवरनियां, फतेहगंज पश्चिमी, शेरगढ़, किला, मीरगंज, भोजीपुरा, आंवला, भमोरा, अलीगंज, सिरौली, फतेहगंज पूर्वी, शीशगढ़, सीबीगंज, शाही और क्योलड़िया शामिल हैं।
पुलिस ने मोबाइल फोन तलाशने के लिए भारत सरकार के CEIR पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की मदद ली। एसएसपी के निर्देशन में सभी थानों की साइबर टीमों और जिला सर्विलांस सेल ने मिलकर यह अभियान चलाया।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की कोशिश है कि लोगों के खोए हुए मोबाइल जल्द से जल्द तलाशकर उन्हें वापस दिलाए जाएं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






