अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की पार्टी को करारा झटका, बहुमत की ओर विपक्षी पार्टी डेमोक्रेटिक
अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान के बाद कई राज्यों में वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती नतीजों और रुझानों के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी को शुरुआती झटके लगे हैं और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में बहुमत हासिल करने की स्थिति में है।
US Midterm Election Results: अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान के बाद कई राज्यों में वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती नतीजों और रुझानों के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी को शुरुआती झटके लगे हैं और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में बहुमत हासिल करने की स्थिति में है। अगर ऐसा होता है तो राष्ट्रपति ट्रंप के लिए अपने बचे हुए दो साल का कार्यकाल पूरा करना आसान नहीं होगा।
इस बीच फ्लोरिडा और जॉर्जिया से ऐतिहासिक चुनावी नतीजे सामने आ रहे हैं। CNN के डिसीजन डेस्क के अनुमान के मुताबिक, डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कीशा लांस बॉटम्स जॉर्जिया की गवर्नर बनने जा रही हैं। ऐसा होने पर वह अमेरिका के इतिहास में पहली अश्वेत महिला गवर्नर बन जाएंगी। वहीं, फ्लोरिडा में रिपब्लिकन उम्मीदवार और सांसद बायरन डोनाल्ड्स ने गवर्नर चुनाव जीत लिया है। इस जीत के साथ वह फ्लोरिडा के पहले अश्वेत गवर्नर बनेंगे। हालांकि, शुरुआती रुझानों में रिपब्लिकन पार्टी को कई राज्यों में झटके लगते दिखाई दे रहे हैं। अंतिम तस्वीर सभी राज्यों में मतगणना पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
रिपब्लिकन और डेमोक्रेट्स के बीच सीधा मुकाबला
इस बार अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी मतदान कराया गया है। डेमोक्रेटिक पार्टी की नजर अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में अपना प्रभाव बढ़ाने और रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत खत्म करने पर है। इसके लिए डेमोक्रेट्स को प्रतिनिधि सभा में कम से कम तीन और सीनेट में चार सीटों का फायदा हासिल करना होगा।
कब तक आएंगे चुनाव के अंतिम नतीजे?
अमेरिका के अलग-अलग राज्यों में मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू हो गई है। कई राज्यों से शुरुआती रुझान और नतीजे सामने आने लगे हैं। भारत में भी चुनावी नतीजों के रुझानों पर आज सुबह से नजर बनी हुई है। हालांकि, कड़े मुकाबले और डाक के जरिए आए मतपत्रों की गिनती के कारण कुछ सीटों पर अंतिम नतीजे आने में समय लग सकता है।
सीनेट के नतीजों पर टिकी सबकी नजर
अमेरिकी सीनेट में फिलहाल रिपब्लिकन पार्टी के पास 53 सीटें हैं, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 47 सीटें हैं। सीनेट में सत्ता का समीकरण बदलने के लिए डेमोक्रेट्स को चार सीटों का फायदा हासिल करना होगा। वहीं, प्रतिनिधि सभा के चुनाव परिणाम भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए राजनीतिक रूप से अहम माने जा रहे हैं। इन नतीजों से यह तय होगा कि आने वाले समय में उनकी सरकार को कांग्रेस में कितना समर्थन मिलेगा।
तीन सर्वे में डेमोक्रेट्स को बढ़त
मिडटर्म चुनाव से पहले सामने आए तीन प्रमुख सर्वेक्षणों में डेमोक्रेटिक पार्टी को रिपब्लिकन पार्टी के मुकाबले बढ़त दिखाई गई है। जॉन ज़ोग्बी स्ट्रैटेजीज के 1 और 2 नवंबर के सर्वे में डेमोक्रेट्स को 53 प्रतिशत और रिपब्लिकन्स को 47 प्रतिशत समर्थन मिला है। वहीं, YouGov के 30 अक्टूबर को जारी सर्वे में डेमोक्रेटिक पार्टी को 53 प्रतिशत और रिपब्लिकन पार्टी को 44 प्रतिशत समर्थन मिलता दिखाई दिया। इसके अलावा PolityIQ के नेशनल पोलिंग औसत में डेमोक्रेट्स को 52.7 प्रतिशत और रिपब्लिकन्स को 43.2 प्रतिशत समर्थन मिला है। इन तीनों सर्वेक्षणों में डेमोक्रेटिक पार्टी की बढ़त 6 से 9.5 प्रतिशत अंकों के बीच दिखाई गई है। हालांकि, सर्वेक्षण केवल मतदाताओं की मौजूदा राय का अनुमान देते हैं। इन्हें चुनाव के अंतिम नतीजों की गारंटी नहीं माना जा सकता।
हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) की स्थिति
शुरुआती रुझानों के अनुसार फ्लोरिडा सहित कई इलाकों में रिपब्लिकन पार्टी कमजोर प्रदर्शन करती दिख रही है, जहां कुछ सीटें डेमोक्रेट्स के खाते में जाती नजर आ रही हैं।
बता दें, अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के तहत प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर मतदान हुआ है। इसके अलावा 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी चुनाव कराए गए। डेमोक्रेट्स को प्रतिनिधि सभा में बहुमत हासिल करने के लिए तीन अतिरिक्त सीटों की जरूरत है, जबकि सीनेट में नियंत्रण पाने के लिए उन्हें चार सीटों का फायदा हासिल करना होगा। चुनाव से पहले सीनेट में रिपब्लिकन के पास 53 और हाउस में 218 सीटें थीं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






