शनिवार, 14 नवंबर 2026

ब्रेकिंग
माई नेशन की नई वेबसाइट पर आपका स्वागत है, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की हर बड़ी खबर एक जगह रोज़ का ई-पेपर अब वेबसाइट पर, मोबाइल पर भी आसानी से पढ़ें अपने क्षेत्र की खबर भेजने के लिए "खबर भेजें" बटन दबाएं ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें चीनी मिलों के लिए सरकार का नया फरमान, 90% बिक्री अनिवार्य, उल्लंघन पर अगले महीने आवंटन में कटौती बदायूं में दोहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप, नानी और धेवते की हत्या से गांव में दहशत भारत मंडपम में 14 नवंबर से सजेगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला, 32 राज्यों और 11 देशों की होगी भागीदारी Kanpur: 22 लाख Gmail ID और विदेशी कनेक्शन, अंकित शंखवार पर पाकिस्तान-बांग्लादेश में बेचने का आरोप Bihar: रोज शराब पीकर करता था मारपीट, घरेलू हिंसा से परेशान पत्नी पर पति की हत्या का आरोप मुंबई को फिर मिले बम की धमकी भरे ई-मेल, मेयर ऑफिस, हाई कोर्ट, एयरपोर्ट आदि निशाने पर
उत्तर प्रदेश

जातिवाद और क्षेत्रवाद समाज को कमजोर करते हैं, राष्ट्रीय एकता के लिए इनसे बचना जरूरीः सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद को समाज की एकता के लिए चुनौती बताया।

जातिवाद और क्षेत्रवाद समाज को कमजोर करते हैं, राष्ट्रीय एकता के लिए इनसे बचना जरूरीः सीएम योगी
4 मिनट में पढ़ें

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद को समाज की एकता के लिए चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि जब समाज जाति और क्षेत्र के नाम पर बंटता है तो उसकी सामूहिक शक्ति कमजोर होती है। जिस तरह शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने पर बीमारियां हमला करती हैं, उसी तरह सामाजिक एकता कमजोर होने पर विभाजनकारी ताकतों को बढ़ावा मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का सच्चा अनुयायी वही हो सकता है, जो भारत की एकता और सुरक्षा को सर्वोपरि रखे। जिन्ना को आदर्श मानने और समाज को बांटने वाली विचारधारा के लोग सरदार पटेल के सच्चे अनुयायी नहीं हो सकते।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जीपीओ स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय एकता दिवस पर उपस्थित लोगों को एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार पटेल को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी नेता और भारतीय गणराज्य का शिल्पी बताया।

2014 से राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जा रही जयंती

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2014 से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ, एकता दौड़ और विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जोड़ने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सरदार पटेल की 151वीं जयंती मनाई जा रही है। पिछले वर्ष उनकी 150वीं जयंती पर डबल इंजन सरकार ने कई कार्यक्रम आयोजित किए थे।

हर जिले में बनेगा रोजगार और औद्योगिक क्षेत्र

मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जनपद में एक रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र के गठन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने के लिए व्यवस्थित तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश का कोई भी युवा बेरोजगार न रहे।

563 से अधिक रियासतों का भारत में कराया विलय

सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के समय देश के सामने सैकड़ों रियासतों के विलय की चुनौती थी। सरदार पटेल ने अपने दृढ़ नेतृत्व और राजनीतिक कौशल से 563 से अधिक रियासतों को भारतीय गणराज्य का हिस्सा बनाया। उन्होंने जूनागढ़ और हैदराबाद के भारत में विलय का भी उल्लेख किया।

सीएम ने कहा कि लौहपुरुष की स्मृतियों को अमर बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में नर्मदा नदी के तट पर दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कराई है। यह प्रतिमा सरदार पटेल के विराट व्यक्तित्व और उनके राष्ट्र निर्माण के योगदान का प्रतीक है।

अनुच्छेद-370 को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कश्मीर का मामला नेहरू ने अपने पास रखा था। उस दौरान पाकिस्तान समर्थित कबीलाइयों ने हमला किया और कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया।सीएम योगी ने अनुच्छेद-370 का जिक्र करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर ने इसका विरोध किया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इसे लागू किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अनुच्छेद-370 को समाप्त कर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपने को साकार किया है। अब देश में एक संविधान, एक प्रधान और एक निशान की व्यवस्था है।

राष्ट्रीय एकता के लिए सभी को मिलकर करना होगा काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता के सामने कई चुनौतियां हैं। संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने और समाज को विभाजित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को मिलकर इन चुनौतियों का सामना करना होगा। उन्होंने 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के निर्माण में प्रत्येक नागरिक से योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, चौधरी भूपेंद्र सिंह, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, मनोहर लाल मन्नू कोरी, कैलाश राजपूत, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल, विधायक शशांक वर्मा, प्रभात वर्मा, राजेंद्र सिंह पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापनयहाँ आपका विज्ञापनउत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पाठकों तक पहुंचें

यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं

अपनी खबरें इस नंबर पर भेजें: 97629 19516किसी कार्यक्रम या घटना की खबर, फोटो और वीडियो हमें व्हाट्सऐप करें।

इससे जुड़ी खबरें

खबर भेजें