एंटीबायोटिक के गलत इस्तेमाल से बढ़ सकता है संक्रमण का खतरा, IVRI ने बच्चों को किया जागरूक
विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के तहत बरेली के अल-मदार पब्लिक स्कूल में आईवीआरआई ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वैज्ञानिकों ने 36 विद्यार्थियों और 8 शिक्षकों को एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग, बिना डॉक्टर की सलाह दवा न लेने और एएमआर के खतरों की जानकारी दी।
विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के तहत स्कूल में कार्यक्रम
दवाओं के सही और जिम्मेदार उपयोग की दी जानकारी
बरेली। एंटीबायोटिक दवाओं का जरूरत से ज्यादा और गलत इस्तेमाल भविष्य में सामान्य संक्रमणों के इलाज को भी मुश्किल बना सकता है। इसी खतरे के प्रति बच्चों और शिक्षकों को जागरूक करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर)-भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई), इज्जतनगर की तरफ से सोमवार को अल-मदार पब्लिक स्कूल, सीबी गंज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह (WAAW-2026) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) और एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह
कार्यक्रम का आयोजन आईवीआरआई के पशु चिकित्सा जनस्वास्थ्य विभाग के वैज्ञानिकों ने संयुक्त निदेशालय, प्रसार शिक्षा के सहयोग से किया। इसका संचालन डॉ. रूपसी तिवारी, संयुक्त निदेशक (प्रसार शिक्षा) और डॉ. बबलू कुमार, विभागाध्यक्ष, पशु चिकित्सा जनस्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में अखिल भारतीय नेटवर्क परियोजना (AINP-AMRFL) के अंतर्गत किया गया
उल्लेखनीय है कि, विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह हर साल 18 से 24 नवंबर तक विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के समन्वय से मनाया जाता है। इसका प्रमुख उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति दुनिया भर में जागरूकता बढ़ाना और इन दवाओं के जिम्मेदार व उचित इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। वर्ष 2026 की थीम 'वन हेल्थ, वन एक्शन: AMR को अभी रोकें' रखी गई है। इसके माध्यम से मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य के बीच आपसी संबंध तथा इन क्षेत्रों में मिलकर काम करने की जरूरत को रेखांकित किया गया है।
36 विद्यार्थियों और 8 शिक्षकों से संवाद
कार्यक्रम में डॉ. हिमानी धांझे और डॉ. श्रीनिवास ने विद्यालय के 36 विद्यार्थियों और 8 शिक्षकों से संवाद किया। उन्होंने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के बढ़ते वैश्विक खतरे के बारे में विस्तार से बताया। वैज्ञानिकों ने समझाया कि, एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक या गलत तरीके से इस्तेमाल धीरे-धीरे उनकी प्रभावशीलता को कम कर सकता है। इससे आने वाले समय में सामान्य संक्रमणों का इलाज करना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
बिना डॉक्टर की सलाह न लें एंटीबायोटिक
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एंटीबायोटिक दवाओं के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के इन दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए। केवल योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह पर ही एंटीबायोटिक लेनी चाहिए। इसके साथ ही निर्धारित खुराक और उपचार की पूरी अवधि का पालन करना भी जरूरी है।
वैज्ञानिकों ने यह भी बताया कि, इलाज के बाद बची हुई एंटीबायोटिक दवाओं को किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं देना चाहिए और न ही उन्हें अपनी मर्जी से दोबारा इस्तेमाल करना चाहिए। दवाओं के अनुचित उपयोग से उनके असर में कमी आने का खतरा बढ़ता है।
विद्यार्थियों को बांटे जागरूकता पत्रक
जागरूकता अभियान के तहत स्कूली बच्चों और शिक्षकों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस तथा एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग से जुड़े सूचनात्मक पत्रक वितरित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और इस विषय से जुड़ी जरूरी जानकारियां हासिल कीं।
वैज्ञानिकों ने बच्चों को बताया कि, व्यक्तिगत स्तर पर बरती जाने वाली छोटी-छोटी सावधानियां भी एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस को रोकने में अहम योगदान दे सकती हैं, इसलिए दवाओं का इस्तेमाल सोच-समझकर और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार करना जरूरी है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के बीच एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस को लेकर समझ विकसित करना, एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल की आदत को बढ़ावा देना और वन हेल्थ की अवधारणा को आम लोगों तक पहुंचाना रहा। इसके जरिए मानव, पशु और पर्यावरण के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं








