अभिषेक बनर्जी के घर आधी रात को हंगामा, BJP कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप, बीजेपी ने बताया राजनीतिक ड्रामा
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर हमला किया।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच सियासी टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर हमला किया। उन्होंने दावा किया कि यह घटना कोलकाता पुलिस की मौजूदगी में हुई और उनके समर्थकों के साथ मारपीट की गई।
अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना से जुड़े वीडियो साझा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से कुछ संदिग्ध लोग उनके घर और कार्यालय की रेकी कर रहे थे। बनर्जी के मुताबिक, पूछताछ करने पर इन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया था।
समर्थकों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
अभिषेक बनर्जी का कहना है कि उनके जन्मदिन के जश्न के दौरान टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थकों ने उनके कार्यकर्ताओं को जमीन पर गिराकर ईंट-पत्थरों से हमला किया और बैनर-पोस्टर भी फाड़ दिए। बनर्जी ने दावा किया कि इस घटना में उनके दो समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक कार्यकर्ता के अंगूठे के पास के टिश्यू क्षतिग्रस्त होने की बात कही गई, जबकि दूसरे व्यक्ति की आंख के नीचे की हड्डी टूटने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि हमलावरों के पास रिवॉल्वर थी और पूरी घटना पुलिस के सामने हुई।
पुलिस और न्यायपालिका पर उठाए सवाल
टीएमसी सांसद ने आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों में उनकी जान लेने की सातवीं कोशिश हुई है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्रालय, कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि एक निर्वाचित सांसद के घर और कार्यालय की कथित निगरानी किसके आदेश पर की जा रही थी।
दिलीप घोष ने आरोपों को बताया ड्रामा
दूसरी ओर, बीजेपी ने अभिषेक बनर्जी के आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक ड्रामा बताया है। बीजेपी नेता दिलीप घोष ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी राजनेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाते देखा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई रात में हंगामा करेगा तो उसका विरोध भी होगा। अभिषेक बनर्जी को मारने के लिए किसके पास समय है? उनके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए भावनात्मक बातें करके जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
बंगाल में फिर आमने-सामने TMC और BJP
इस घटना ने पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा को लेकर एक बार फिर बहस तेज कर दी है। जहां टीएमसी इसे अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बता रही है, वहीं बीजेपी इन आरोपों को राजनीतिक ड्रामा करार दे रही है। फिलहाल, घटना को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और आधिकारिक तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






