बरेली: दो घंटे में गौशाला ध्वस्त, नगर निगम के हवाले 40 गोवंश, आचार्य बोले- गायों को चारा न खिला पाने का मलाल
हाईकोर्ट के आदेश के बाद बीडीए ने कृष्णा विहार कालोनी में बनी गौशाला ध्वस्त कर दी। इस दौरान सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। बीडीए ने गायों को नगर निगम की नदौसी भेजने के बाद गौशाला की टिनशेड, दीवार और पिलर ध्वस्त कर दिए। आवास हटाने के लिए आचार्य संजीव गौड़ को समय देने के बाद टीम लौट गई।
नीब जैदी/वैभव शुक्ला, बरेली। हाईकोर्ट के आदेश के बाद बीडीए ने कृष्णा विहार कालोनी में बनी गौशाला ध्वस्त कर दी। इस दौरान सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया। बीडीए ने गायों को नगर निगम की नदौसी भेजने के बाद गौशाला की टिनशेड, दीवार और पिलर ध्वस्त कर दिए। आवास हटाने के लिए आचार्य संजीव गौड़ को समय देने के बाद टीम लौट गई।
आचार्य संजीव गौड़ लंबे समय से कृष्णा विहार कालोनी में अपनी गौशाला चला रहे हैं। कुछ लोगों को उनकी गौशाला पर ऐतराज था। जहां से शिकायतों का दौर शुरू हुआ। बीडीए ने शिकायत और जांच के आधार पर दो बार पहले भी गौशाला पर कार्रवाई की। इस बार मामला हाईकोर्ट में पहुंच गया। हाईकोर्ट ने मामले को अवैध बताते हुए निर्माण हटाने के आदेश दिए। उसी के अनुपालन में बीडीए ने गुरुवार को पुलिस और प्रशासन की टीम को साथ लेकर कार्रवाई की। शुरुआत में लोगों ने गौ संरक्षण करने वाली सरकार में गौशाला तोड़े जाने पर सवाल उठाए। मगर जब पता चला कि हाईकोर्ट का आदेश है तो सभी शांत हो गए।
गौशाला से निकलते ही व्याकुल हो गए गोवंश
गौशाला टूटने के बाद वहां रहने वाली एक गाय आई और अपने रोजाना बंधने की जगह पर जाकर खड़ी हो गई। दरअसल उसे पता नहीं था कि अब गौशाला टूट चुकी है। बीडीए के कर्मचारियों ने गाय को वहां से हटा दिया। इसके बाद गाय वहां से चली गई। वहीं गौशाला से निकाले जाते वक्त एक बछड़ा भी व्याकुल हो उठा। जब बछड़ा कब्जे में नहीं आया तो टीम ने गौशाला के लोगों से मदद मांगी। इसके बाद बछड़े को एक पेड़ पर रस्सी के सहारे बांधा गया।
कालोनी वाले बोले- लंबे समय से कर रहे थे शिकायत
कृष्णा विहार कालोनी सोसायटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र रस्तोगी ने बताया कि सबसे पहले 2009 में गौशाला की शिकायत की थी। आचार्य को मंदिर में पूजन-अर्चन के लिए रखा गया था। मगर उन्होंने दायरा बढ़ाकर निर्माण कर लिया। इसको लेकर कालोनी के लोग लंबे समय से शिकायतें कर रहे थे।
दान की जमीन पर बनाई है गौशाला: आचार्य संजीव
संजीव गौड़ ने बताया कि यह जमीन उनको कालोनाइजर ने दान में दी थी। उसी पर उन्होंने गौशाला बनाई। जमीन का कुल क्षेत्रफल 912 गज के आसपास है। जिसमें से 77 गज में उनका मकान बना है। वह आजकल हरिद्वार में रहते हैं। गौशाला परिसर में ही आश्रम भी बना है। जहां धार्मिक कार्यक्रम होते हैं। हम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं। बीडीए की कार्रवाई का हमने कोई विरोध नहीं किया। हमारी गायें सुबह से भूखी थीं, हम चाह रहे थे कि उनको कुछ खिला दिया जाता। मगर अफसरों ने मोहलत नहीं दी। हमको बस इसी बात का दुख है।
शांतिपूर्ण तरीके से हुई कार्रवाई
सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश पर हुई है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस बीडीए की मदद के लिए मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से की गई है।
बीडीए ने अवैध निर्माण हटाने के लिए दीपावली तक का वक्त दिया
बीडीए के सचिव हिमांशु गुप्ता ने बताया कि अवैध निर्माण हटाने के लिए आचार्य संजीव गौड़ को दीपावली तक का वक्त दिया गया है। अगर इस बीच में निर्माण नहीं हटाया गया तो बीडीए फिर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। गौशाला समेत सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ बीडीए कार्रवाई करेगा।
खास बातें
-ध्वस्तीकरण के लिए बंद की गई जीआरएम से बीबीएल को जाने वाली रोड
-सड़क पर अचानक पुलिस देखकर चौंके लोग, पूछते रहे बंद करने की वजह
-40 गोवंशों को नगर निगम की मदद से भेजा गया नदौसी गौशाला में
-दिवाली तक आवास हटाने का समय देकर लौट गई बीडीए की टीम
-आचार्य बोले- हाईकोर्ट का पूरा सम्मान, मगर गायों को चारा न दे पाने का मलाल
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं







