रविवार, 15 नवंबर 2026

ब्रेकिंग
माई नेशन की नई वेबसाइट पर आपका स्वागत है, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की हर बड़ी खबर एक जगह रोज़ का ई-पेपर अब वेबसाइट पर, मोबाइल पर भी आसानी से पढ़ें अपने क्षेत्र की खबर भेजने के लिए "खबर भेजें" बटन दबाएं ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें Pune IndiGo: टेकऑफ के बाद लैंडिंग गियर में आई खराबी,192 लोगों को लेकर सुरक्षित लौटी फ्लाइट इमरान प्रतापगढ़ी के खिलाफ फतवा, सैयद इंतखाब आलम ने कहा- तौबा करें और दोबारा पढ़ें ईमान का कलमा चीनी मिलों के लिए सरकार का नया फरमान, 90% बिक्री अनिवार्य, उल्लंघन पर अगले महीने आवंटन में कटौती बदायूं में दोहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप, नानी और धेवते की हत्या से गांव में दहशत भारत मंडपम में 14 नवंबर से सजेगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला, 32 राज्यों और 11 देशों की होगी भागीदारी Kanpur: 22 लाख Gmail ID और विदेशी कनेक्शन, अंकित शंखवार पर पाकिस्तान-बांग्लादेश में बेचने का आरोप
उत्तर प्रदेश

पीलीभीत में बोले सीएम योगी- 'पहले रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं, आज पुष्पवर्षा से होता है स्वागत'

अयोध्या में प्रज्ज्वलित होने वाला एक-एक दीप पूरे उत्तर प्रदेश की समृद्धि और विकास का कारण बनता है। दीपोत्सव में जलने वाले दीप केवल भगवान श्रीराम के आगमन की स्मृति को जीवंत नहीं करते, बल्कि प्रदेश की प्रगति, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतीक हैं।

पीलीभीत में बोले सीएम योगी- 'पहले रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं, आज पुष्पवर्षा से होता है स्वागत'
AI जनरेटेड
6 मिनट में पढ़ें

पीलीभीत। अयोध्या में प्रज्ज्वलित होने वाला एक-एक दीप पूरे उत्तर प्रदेश की समृद्धि और विकास का कारण बनता है। दीपोत्सव में जलने वाले दीप केवल भगवान श्रीराम के आगमन की स्मृति को जीवंत नहीं करते, बल्कि प्रदेश की प्रगति, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतीक हैं। आस्था भारत की सबसे बड़ी ताकत है। इसी आस्था ने विविधताओं से भरे देश को एकता के सूत्र में बांध रखा है। सीएम योगी ने मंगलवार को जनपद पीलीभीत के निरानपुर गांव में ब्रह्मलीन महंत योगी शांतिनाथ जी की पुण्य स्मृति में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। 

इससे पहले मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना की और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही पवित्र व्यास पीठ पर विराजमान श्री राम कथा के व्यास पूज्य संत अंजनी शरण जी को वस्त्र और फल भेंटकर सम्मानित किया और श्रद्धापूर्वक रामकथा का श्रवण किया। 

आस्था ने विविधताओं से भरे भारत को एकता के सूत्र में बांधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में करीब 200 देश हैं। सबकी अपनी विशेषताएं, पहचान, चुनौतियां और उपलब्धियां हैं। कहीं हजारों की आबादी है तो कहीं लाखों और करोड़ों में जनसंख्या है। 50 करोड़ से अधिक आबादी वाले देशों में भारत और चीन शामिल हैं। यूरोप एक दिखाई देता है, लेकिन वहां भी अलग-अलग राजनीतिक इकाइयों वाले अनेक देश हैं। इसके विपरीत भारत में उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक रूप-रंग, बोली और भाषा की विविधता होने के बावजूद पूरा देश एक भाव और एक भंगिमा के साथ एकता के सूत्र में बंधा है। इस एकता के पीछे हमारी आस्था है। यही आस्था आज इतनी बड़ी संख्या में लोगों को श्रीराम कथा के आयोजन में एकत्र कर रही है और यही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।

500 सालों के संघर्ष के बाद साकार हुआ राम मंदिर का संकल्प

सीएम योगी ने कहा कि 500 सालों तक रामजन्मभूमि की मुक्ति के लिए आस्था बिना रुके, बिना डिगे और बिना पीछे हटे संघर्ष करती रही। आखिर में जब पूरा भारत एक स्वर में खड़ा हुआ तो अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने दो नवंबर 1990 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दिन अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं और सैकड़ों रामभक्त घायल हुए थे। उस समय अयोध्या में जय श्रीराम बोलने और रामभक्तों के आने तक पर प्रतिबंध था।

बुनियादी सुविधाओं का अभाव था। संकरी गलियां, गंदगी, खराब सड़कें और अव्यवस्थाएं थीं। अयोध्या वायु सेवा से नहीं जुड़ी थी और रेलवे की सिंगल लाइन थी। लेकिन आज अयोध्या में चारों दिशाओं से चार लेन की सड़कें, बेहतर रेल सुविधाएं और हवाई सेवा उपलब्ध है। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। पिछली सरकारों ने जहां समस्याएं दीं, वहीं रामभक्तों की सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान की व्यवस्था की। 

योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग को मिल रहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत एक नए स्वरूप में आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2017 से पहले जो धन इधर-उधर बर्बाद होता था, आज उसका उपयोग मंदिरों और धार्मिक स्थलों के विकास के साथ गरीबों के कल्याण की योजनाओं में हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को राशन, बिजली, अच्छी सड़कें और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ता था। आयोजनों से पहले उपद्रव और दंगे शुरू हो जाते थे। आज प्रदेश में कर्फ्यू, दंगा और अराजकता नहीं है। गरीबों को मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर मिल रहा है। नौजवानों को नौकरी, किसानों को किसान सम्मान निधि और बेटियों व व्यापारियों को सुरक्षा मिल रही है। उन्होंने कहा कि यही रामराज्य की अवधारणा है, जिसमें शासन की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। 

बरेली फिर से नाथ नगरी के रूप में अपनी पहचान बना रही

सीएम योगी ने कहा कि तुष्टीकरण का भाव अनास्था और अराजकता को बढ़ावा देता है। देश जब तुष्टीकरण के रास्ते पर चला तो आतंकवाद, उग्रवाद और नक्सलवाद बढ़ा। इसके विपरीत संतुष्टीकरण के भाव के साथ बिना भेदभाव प्रत्येक नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचने से देश आगे बढ़ा है। यही भाव आज एक भारत-श्रेष्ठ भारत की आधारशिला बन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या के साथ काशी, मथुरा-वृंदावन और प्रदेश के अन्य धार्मिक स्थलों का भी अभूतपूर्व विकास हो रहा है।

काशी विश्वनाथ धाम में पहले जहां 10 श्रद्धालु एक साथ दर्शन नहीं कर पाते थे, आज वहां 50 हजार श्रद्धालु एक साथ दर्शन कर सकते हैं। मथुरा-वृंदावन सज-संवर रहा है। मां विंध्यवासिनी धाम में सुविधाओं का विस्तार हुआ है। लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ में कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है और बरेली फिर से नाथ नगरी के रूप में अपनी पहचान बना रही है। 

महर्षि वाल्मीकि ने दुनिया को दिया प्रभु श्रीराम के आदर्शों का संदेश

उन्होंने महर्षि वाल्मीकि का उल्लेख करते हुए कहा कि राम से दुनिया का पहला संवाद महर्षि वाल्मीकि ने कराया। उन्होंने आदि रामायण की रचना कर संस्कृत में दुनिया की पहली रामायण लिखी। आज दुनिया की कोई ऐसी भाषा नहीं है, जिसमें रामायण न लिखी गई हो, लेकिन इसका मूल आधार महर्षि वाल्मीकि हैं। उन्होंने श्रीराम को धर्म का साक्षात स्वरूप बताते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि का कथन 'रामो विग्रहवान धर्मः' आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। जीवन में जब भी कोई चुनौती या समस्या आती है तो श्रीराम के आदर्श उसके समाधान का मार्ग दिखाते हैं। पुत्र, शिष्य, गुरु, पति, भाई और समाज के महत्वपूर्ण व्यक्ति के रूप में मर्यादित आचरण की प्रेरणा प्रभु श्रीराम से मिलती है।

वहीं महंत योगी शांतिनाथ जी को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह एक फक्कड़ और निराले संत थे। उनका जीवन सहज और अपनी ही मस्ती में रहने वाला था। अच्छे कार्यों में भी वे सहयोगी बनते थे। जीवन नश्वर है और अंततः सभी को इसे स्वीकार करना पड़ता है। उनके शरीर शांत होने के बाद यहां समाधि दी गई। 

इस अवसर पर शक्तिपीठ देवीपाटन के महंत मिथिलेश महाराज, श्री हनुमान गढ़ी मंदिर अयोध्या धाम से विराजमान महंत राजूदास, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और प्रभारी मंत्री पीलीभीत सरदार बलदेव सिंह औलख, मंत्री संजय गंगवार, आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉक्टर सुधीर गुप्ता, सहसंयोजक संजीव प्रताप सिंह, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, विधायक बिसलपुर विवेक वर्मा, पूरणपुर के विधायक बाबूराम पासवान, बरखेड़ा के विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, जिला पंचायत प्रशासक पीलीभीत दलजीत कौर, पूज्य संत जन और भक्तजन उपस्थित रहे।

विज्ञापनयहाँ आपका विज्ञापनउत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पाठकों तक पहुंचें

यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं

अपनी खबरें इस नंबर पर भेजें: 97629 19516किसी कार्यक्रम या घटना की खबर, फोटो और वीडियो हमें व्हाट्सऐप करें।

इससे जुड़ी खबरें

खबर भेजें