बरेलीः सुरक्षित बचपन अभियान में बच्चों को सिखाया, गुड टच-बैड टच
बच्चों को अपने साथ होने वाले गलत व्यवहार को पहचानने और उसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सुरक्षित बचपन अभियान 2026 के तहत जागरूकता शिविर लगाया गया।
बरेली। बच्चों को अपने साथ होने वाले गलत व्यवहार को पहचानने और उसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से गुरुवार को जय नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सुरक्षित बचपन अभियान 2026 के तहत जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें करीब 1500 छात्र-छात्राओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया गया। शिविर में मुख्य अतिथि अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/एसीजेएम सुब्रत पाठक ने बच्चों को बताया कि उन्हें अपने शरीर की सुरक्षा को लेकर जागरूक रहना चाहिए।
किसी का व्यवहार गलत लगे या कोई असहज महसूस कराए, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय माता-पिता या शिक्षकों को बताना चाहिए। बच्चों को यह भी समझाया गया कि परेशानी होने पर चुप रहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पॉक्सो एक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों को कानून से सुरक्षा मिलती है और उनके अधिकारों का उल्लंघन होने पर कानूनी मदद ली जा सकती है।
इसके साथ ही बच्चों को बाल कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे के चित्र पर पुष्प अर्पित करने और दीप प्रज्वलित करने के साथ हुई। विद्यालय के घोष दल ने अतिथियों का स्वागत किया। शिविर में एलएडीसी भगवत शरण, पैरा लीगल वालंटियर प्रतिपाल सिंह, विद्यालय प्रबंधक अनिल कुमार गर्ग, प्रधानाचार्य तपेंद्र कटारा समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्य ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार जताया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






