ओवैसी-चंद्रशेखर के नए गठबंधन का अखिलेश ने किया स्वागत, साथ में ये नसीहत भी दी
एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' के ऐलान पर अखिलेश यादव ने स्वागत करते हुए हिदायत दी कि सियासत की कठपुतली बनने वालों की जनता जमानत जब्त करा देती है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में गुरुवार 12 नवंबर को नए गठबंधन ने आकार ले लिया। एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के गठन का औपचारिक ऐलान कर दिया। साथ ही 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। इस गठबंधन की घोषणा के तुरंत बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।
एक्स पर शेयर की पोस्ट
अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर मोर्चे का स्वागत किया, साथ ही हिदायत भी दी। उन्होंने लिखा कि समाज के स्तर पर परिवर्तन जरूरी है, पर असली सफलता तभी मिलेगी जब राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा सक्रिय होगा। उनका कहना था कि अगर कोई सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है, तो जनता जमानत जब्त भी करवा देती है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीति में वोटों की ठेकेदारी प्रथा खत्म होगी और हर कोई अपने समाज के सच्चे हित के लिए काम करेगा।
बीजेपी को होगा नुकसान
सपा प्रमुख ने कहा कि पीडीए समाज के भले के लिए जो भी सांप्रदायिक ताकतों से सच में लड़ेगा और पीडीए समाज की आवाज उठाएगा, उसकी ईमानदार आवाज को अवाम तक पहुंचाने में पार्टी सहयोग करेगी। उन्होंने कहा, इसका फायदा विपक्ष को मिलेगा, क्योंकि भावनात्मक जुमलों और छलावे में आकर सांप्रदायिक शक्तियों को वोट देने वाले लोग अब उधर नहीं जाएंगे। अखिलेश ने दावा किया कि इससे भाजपा को 2-3 प्रतिशत वोटों का और नुकसान होगा। उन्होंने तंज कसा कि सिर्फ बातों और बयानों से सरगर्मी पैदा करने वालों का सच जनता समझती है।
अखिलेश ने यह भी लिखा कि लंबे समय से अपेक्षित इस घटनाक्रम के बाद साफ हो गया है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जिसका आधारभूत वोट ज्यादा होगा,परिवर्तन चाहने वाली जनता उसी की ओर जाएगी। उनका कहना है कि परिवर्तन चाहने वाली जनता के सामने सबसे बड़ा विकल्प पीडीए है। अंत में उन्होंने नए गठबंधन को शुभकामनाएं दीं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






