पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रॉली को मारी टक्कर, एक की मौत और 16 घायल
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कूरेभार क्षेत्र में हुआ हादसा
यह दुर्घटना कूरेभार थाना क्षेत्र के जूड़ापट्टी के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 118.8 पर हुई। जानकारी के मुताबिक, बिहार के सहरसा जिले के कई मजदूर एक ट्रॉली में सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उनकी ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली में बैठे मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
छह घायलों की हालत नाजुक
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कूरेभार पहुंचाया गया। यहाँ डॉ. जाहिर खान की टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी 16 घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। इनमें छह मजदूरों की हालत नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सीओ ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल मजदूरों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों से बातचीत कर घायलों को दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले हैं सभी घायल
हादसे में घायल मजदूरों की पहचान उषा पत्नी अमर यादव, सुप्रिया पुत्री अमर बहादुर, शिवम पुत्र अमर यादव, मिथलेश यादव पुत्र अंग्रेज यादव, मीनाक्षी पुत्री मिथलेश यादव, मंजू पत्नी मिथलेश, दिलखुश यादव पुत्र चीतू यादव, नवीन कुमार पुत्र मोनू शर्मा, शिवम पासवान पुत्र नारायण पासवान, भारती पत्नी शिवम पासवान, सिद्धार्थ कुमार पुत्र शिवम, सोमन शर्मा पुत्र खोनई, बादल कुमार पुत्र मनोज पासवान, सुशील यादव पुत्र अक्कड़ प्रसाद, रुदन कुमार पुत्र भोनू शर्मा, रवींद्र कुमार पुत्र भाने शर्मा और अनिल यादव पुत्र रामचंद्र के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी घायल बिहार के सहरसा जिले के निवासी हैं। हादसे में एक मजदूर की मौत से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल मजदूरों के परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






