अखिलेश यादव 12 दिसंबर को जाएंगे सपरिवार अयोध्या, पत्नी डिंपल संग करेंगे रामलला के दर्शन
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में रामलला के दर्शन का कार्यक्रम तय कर लिया है। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को पत्नी व सांसद डिंपल यादव और बच्चों के साथ रामनगरी पहुंचेंगे। इस दौरान वह हनुमानगढ़ी में माथा टेकने के बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगे।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में रामलला के दर्शन का कार्यक्रम तय कर लिया है। अखिलेश यादव 12 दिसंबर को पत्नी व सांसद डिंपल यादव और बच्चों के साथ रामनगरी पहुंचेंगे। इस दौरान वह हनुमानगढ़ी में माथा टेकने के बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में प्रभु श्रीराम के दर्शन करेंगे। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सपा प्रमुख का यह दौरा धार्मिक होगा। इस दौरान वह अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे और संत-महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लेंगे।
पहले हनुमानगढ़ी, फिर रामलला के दरबार में पहुंचेंगे अखिलेश
पवन पांडेय के मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सबसे पहले प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचेंगे। यहां बजरंगबली के दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद वह राम जन्मभूमि परिसर जाएंगे और परिवार के साथ रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान अखिलेश यादव की संतों और महंतों से मुलाकात का भी कार्यक्रम है। वह संतों का आशीर्वाद लेंगे और उनके साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे। सपा नेता ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके स्वागत की तैयारियों में जुटेंगे।
पवन पांडेय को दी गई थी तारीख तय करने की जिम्मेदारी
दरअसल, अखिलेश यादव ने अपने पिछले अयोध्या दौरे के दौरान पूर्व मंत्री पवन पांडेय को राम मंदिर में दर्शन के लिए तारीख तय करने की जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने कहा था कि दर्शन का कार्यक्रम निर्धारित किया जाए, वह अयोध्या आकर रामलला के दर्शन जरूर करेंगे। अब पवन पांडेय ने 12 दिसंबर की तारीख का ऐलान किया है। इसके बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
अखिलेश के अयोध्या दौरे पर बीजेपी ने भी दी प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव के राम मंदिर दर्शन के कार्यक्रम पर बीजेपी नेता राकेश त्रिपाठी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'बहुत देर कर दी हुजूर आते-आते।' बीजेपी नेता ने अखिलेश यादव पर राम मंदिर और अयोध्या को लेकर उनके पुराने राजनीतिक रुख के संबंध में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव केवल चुनाव नजदीक आने के कारण मंदिर जाने का कार्यक्रम बना रहे हैं, तो इससे उन्हें राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा।
धार्मिक दौरे पर रहेगी राजनीतिक नजर
अखिलेश यादव का यह प्रस्तावित अयोध्या दौरा ऐसे समय में सामने आया है, जब राम मंदिर और अयोध्या उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण मुद्दे बने हुए हैं। बीजेपी नेता लगातार उनके रामलला के दर्शन नहीं करने को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। अब 12 दिसंबर को अखिलेश यादव के सपरिवार अयोध्या पहुंचने और रामलला के दर्शन करने के कार्यक्रम पर राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही हलकों की नजर रहेगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






