'E20 बना 420- जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी!' राहुल गांधी का E20 पेट्रोल पर केंद्र सरकार पर हमला
पेट्रोल में एथेनॉल की निर्धारित मात्रा से अधिक ब्लेंडिंग के आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है।
नई दिल्ली। पेट्रोल में एथेनॉल की निर्धारित मात्रा से अधिक ब्लेंडिंग के आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'E20 बना 420 - जनता की गाड़ी से पेट्रोल चोरी!' राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार की ओर से कराई गई पेट्रोल सैंपल की जांच का हवाला देते हुए तेल कंपनियों और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है।
कर्नाटक में 14 में से 11 सैंपल में तय सीमा से ज्यादा एथेनॉल का दावा
राहुल गांधी के मुताबिक, केंद्र सरकार का कहना है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल ब्लेंड किया जा रहा है। लेकिन कर्नाटक सरकार ने सात जिलों से पेट्रोल के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त लैब में जांच कराई, जिसमें चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। राहुल गांधी ने दावा किया कि जांच किए गए 14 नमूनों में से 11 में एथेनॉल की मात्रा 20 प्रतिशत से अधिक पाई गई। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) के एक सैंपल में 31.2 प्रतिशत और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के एक सैंपल में 30.5 प्रतिशत एथेनॉल मिलने की बात कही गई है। उन्होंने IOCL, HPCL, BPCL, नायरा और शेल जैसी सरकारी और निजी तेल कंपनियों पर भी निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिलने का आरोप लगाया। राहुल गांधी का यह भी दावा है कि कंपनियों की अपनी लैब रिपोर्ट में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा का उल्लेख नहीं किया गया।
गाड़ियों के माइलेज और इंजन पर पड़ सकता है असर: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि उपभोक्ता पेट्रोल की कीमत चुका रहे हैं, लेकिन उन्हें निर्धारित मात्रा से अधिक एथेनॉल वाला ईंधन दिया जा रहा है। इससे वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि अधिक एथेनॉल वाली ब्लेंडिंग से गाड़ियों का माइलेज प्रभावित हो सकता है और वाहन मालिकों को बार-बार सर्विस सेंटर जाना पड़ सकता है। राहुल गांधी ने पेट्रोल पंपों पर ईंधन में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा की जानकारी नहीं दिए जाने और ग्राहकों के पास विकल्प नहीं होने का मुद्दा भी उठाया।
मोदी सरकार से पूछे तीन बड़े सवाल
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए पूछा कि देश में पेट्रोल के अंदर वास्तव में कितनी मात्रा में एथेनॉल मिलाया जा रहा है? निर्धारित 20 प्रतिशत से अधिक एथेनॉल मिलने के आरोपों पर तेल कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कब होगी? और पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को ईंधन की वास्तविक जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है? उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मोदी जी, बताइए- देश की टंकी में क्या भरा जा रहा है? पेट्रोल में असल में कितना एथेनॉल है? 20% से ज्यादा मिलावट करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई कब होगी?' राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के साथ बहस की अपनी पुरानी चुनौती को दोहराते हुए कहा कि इस मुद्दे को भी बहस में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार की नीतियों से वास्तव में फायदा किसे हो रहा है।
तेल कंपनियों ने रिपोर्ट के दावों पर उठाए सवाल
दूसरी तरफ, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने कर्नाटक सरकार की जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों पर सवाल उठाए हैं। तीनों कंपनियों ने संयुक्त बयान में कहा कि उनके यहां से सप्लाई किया जाने वाला E20 पेट्रोल निर्धारित IS 17021 मानकों के अनुरूप है। कंपनियों के मुताबिक, निर्धारित प्रक्रिया के तहत किए गए परीक्षणों में पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा 19 से 21 प्रतिशत के बीच पाई गई है। उन्होंने कर्नाटक सरकार की ओर से अपनाई गई सैंपलिंग और जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए पूरी रिपोर्ट और जांच से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। इस तरह E20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर केंद्र सरकार, कर्नाटक सरकार और तेल कंपनियों के बीच विवाद गहरा गया है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






