SGPGI के EXAM में अव्यवस्थाओं को लेकर हंगामा, तीन केंद्रों पर रद्द हुई हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-II की परीक्षा
संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) लखनऊ में रविवार को आयोजित हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-II पद की दूसरे चरण की ऑफलाइन परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली।
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) लखनऊ में रविवार को आयोजित हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-II पद की दूसरे चरण की ऑफलाइन परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। गोमती नगर स्थित तीन परीक्षा केंद्रों पर अचानक परीक्षा रद्द किए जाने से एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होनी थी, लेकिन कई अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे तक प्रश्नपत्र नहीं मिला। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने हंगामा किया। नाराज अभिभावकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर परीक्षा में गड़बड़ी और धांधली के आरोप भी लगाए। अभ्यर्थियों का आरोप है कि कुछ परीक्षा केंद्रों पर बिना बायोमेट्रिक सत्यापन के ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। वहीं, बायोमेट्रिक मशीन में खराबी और अन्य व्यवस्थागत समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाए गए। शिकायतें मिलने के बाद SGPGI प्रशासन ने संबंधित केंद्रों की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।
इन तीन परीक्षा केंद्रों पर रद्द हुई परीक्षा
1. SDSN डिग्री कॉलेज, छोटा भरवारा, गोमती नगर, लखनऊ।
2. SDSN पब्लिक स्कूल, छोटा भरवारा, गोमती नगर, लखनऊ।
3. जूरिस कॉलेज ऑफ लॉ, छोटा भरवारा, गोमती नगर, लखनऊ।
SGPGI प्रशासन ने बताया कि 1 नवंबर को आयोजित हॉस्पिटल अटेंडेंट ग्रेड-II पद की चरण-2 परीक्षा के दौरान संचालन एजेंसी को परिचालन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसी वजह से इन तीनों केंद्रों पर निर्धारित परीक्षा रद्द करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि इन केंद्रों पर तीन सत्रों में करीब एक हजार अभ्यर्थियों की परीक्षा होनी थी। इनमें वे अभ्यर्थी शामिल थे, जिन्होंने प्रथम चरण की परीक्षा पास करने के बाद दूसरे चरण के लिए क्वालीफाई किया था। कई अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी परीक्षा देने पहुंचे थे।
परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलते ही अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई। दूर-दराज से आए परीक्षार्थियों ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए और दोबारा परीक्षा कराने की मांग की। संस्थान के परीक्षा प्रकोष्ठ ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित परीक्षा केंद्रों के अभ्यर्थियों के लिए नई परीक्षा तिथि की जानकारी अलग से अधिसूचित की जाएगी।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






