प्रयागराज में 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन में बवाल...युवाओं ने तोड़ी कुर्सियां, सर्टिफिकेट के लिए मची छीना-झपटी
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रयागराज में आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन अव्यवस्थाओं के चलते हंगामे में बदल गई।
प्रयागराज। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रयागराज में आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' मैराथन अव्यवस्थाओं के चलते हंगामे में बदल गई। शनिवार को नैनी में भाजपा यमुनापार की ओर से आयोजित पांच किलोमीटर की इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवा शामिल होने पहुंचे थे। लेकिन आयोजन के दौरान उचित इंतजाम नहीं होने से प्रतिभागियों का गुस्सा फूट पड़ा और कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई।
दरअसल, मैराथन में शामिल होने के लिए हजारों लोगों ने पहले से रजिस्ट्रेशन कराया था। प्रतिभागियों का आरोप है कि निर्धारित नियमों और औपचारिकताओं का पालन किए बिना ही दौड़ शुरू करा दी गई। उनका कहना था कि आधिकारिक रूप से झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत होनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसको लेकर युवाओं ने विरोध शुरू कर दिया।
मंच पर चढ़कर की नारेबाजी, तोड़ी कुर्सियां
विरोध धीरे-धीरे हंगामे में बदल गया। नाराज प्रतिभागियों ने आयोजकों और पुलिस की गाड़ियों को घेर लिया। कुछ युवा मंच पर चढ़ गए और आयोजकों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर रखी कई कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया।
सर्टिफिकेट लेने के लिए मची छीना-झपटी
मैराथन के दौरान प्रमाणपत्र वितरण को लेकर भी विवाद हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में प्रतिभागियों के बीच सर्टिफिकेट लेने को लेकर धक्का-मुक्की और छीना-झपटी होती दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि कई युवा प्रमाणपत्र लेने के लिए मंच पर चढ़ गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
अनुमान से ज्यादा पहुंची भीड़
जानकारी के मुताबिक, आयोजकों ने मैराथन में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया था, लेकिन मौके पर लगभग छह हजार प्रतिभागी पहुंच गए। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बावजूद भीड़ प्रबंधन, दौड़ की शुरुआत और प्रमाणपत्र वितरण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। मामले को बढ़ता देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को हटाया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






