यूपी की बदली तस्वीर, योगी सरकार में सड़क, मेट्रो और हवाई सेवाओं का बढ़ा दायरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र से प्रदेश की तस्वीर बदली है।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र से प्रदेश की तस्वीर बदली है। इससे लोगों का सफर आसान हुआ है और विकास के नए रास्ते खुले हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदेश में हुए इन बदलावों की जानकारी साझा की।
2017 से पहले स्थिति थी कमजोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल सफर की दूरी कम नहीं करते, बल्कि लोगों का समय बचाते हैं और रोजगार व कारोबार के नए अवसर भी देते हैं। वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में इन सुविधाओं की स्थिति अच्छी नहीं थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इनके विस्तार पर काम किया।
डेढ़ एक्सप्रेस-वे से 10 तक पहुंचा आंकड़ा
मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे, जबकि अब 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। पहले हवाई सेवाएं भी कुछ चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं। आज प्रदेश में 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों के जरिये हवाई संपर्क को बढ़ावा मिला है। इसी तरह, पहले प्रदेश के किसी शहर में मेट्रो सेवा नहीं थी, लेकिन अब सात शहरों में मेट्रो चल रही है। इससे लोगों के आने-जाने में सुविधा हुई है।
किसानों, युवाओं और कारोबारियों को मिल रहे नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बड़े बाजार मिल रहे हैं। कारोबार और उद्यमिता को बढ़ावा मिल रहा है। युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच आसान हुई है। वहीं, नौकरी करने वाले लोगों का समय बच रहा है और पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। इससे स्थानीय लोगों की आजीविका को सहारा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों, कस्बों और शहरों तक विकास की पहुंच बढ़ रही है। हर क्षेत्र में नए अवसर, कारोबार को मजबूती और परिवारों के जीवन में खुशहाली लाना ही नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






