श्रीनगर में बेमिना इलाके की झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 80 झोपड़ियां जलकर राख...दो लोगों की मौत
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के बेमिना इलाके में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। झुग्गी बस्ती में बीती देर रात लगी आग में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 80 अस्थायी झुग्गियां जलकर राख हो गईं।
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के बेमिना इलाके में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। झुग्गी बस्ती में बीती देर रात लगी आग में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि करीब 80 अस्थायी झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस्ती इसकी चपेट में आ गई। जानकारी के मुताबिक, आग रात करीब 12 बजकर 23 मिनट पर लगी थी। झुग्गियां लकड़ी और तिरपाल जैसी ज्वलनशील सामग्री से बनी थीं। इसी वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह ज्वलनशील सामग्री को बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
दमकल की कई टीमों ने चलाया राहत और बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद JVC और रावलपोरा फायर स्टेशनों की दमकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए बटामालू स्थित फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें और संसाधन भेजे गए। श्रीनगर के डिप्टी डायरेक्टर कमांड एवं मोबिलाइजिंग ऑफिसर एजाज अहमद शाह के नेतृत्व में DFO सिटी और DFO मुख्यालय के समन्वय से कई दमकल केंद्रों की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग की लपटों और अत्यधिक गर्मी के कारण घटनास्थल के पास मौजूद एक खाली पोल्ट्री फार्म को भी भारी नुकसान पहुंचा।
मलबे से मिले दो लोगों के जले हुए शव
आग पर काबू पाने के बाद खोज और बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान मलबे के नीचे से दो लोगों के जले हुए शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय मोहम्मद नूर आलम और 16 वर्षीय अल अमीन के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले थे और स्थानीय स्तर पर कबाड़ बीनने का काम करते थे। हादसे के समय दोनों इसी इलाके में रह रहे थे। घटना के बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया के लिए शव स्थानीय पुलिस को सौंप दिए गए। अब पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
अधिकारियों ने आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर बस्ती में मौजूद लकड़ी, तिरपाल और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर में जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिवा मार्केट में भी भीषण आग लगी थी। इस हादसे में करीब 35 से 40 दुकानें जलकर खाक हो गई थीं। श्रीनगर की इस घटना ने एक बार फिर घनी आबादी वाली अस्थायी बस्तियों में अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






