रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की हुंकार, राहुल बोले- 2024 का चुनाव अवैध था...अखिलेश का 'अंगद के पैर' पर जवाब
ल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित महारैली में विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने मंच साझा किया।
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से आयोजित महारैली में विपक्षी दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत कई नेताओं ने मंच साझा किया। रैली में विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, वोट चोरी और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे उठाए।
15 % वोटर के नाम काटे, 2024 का चुनाव अवैध था
रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ईवीएम और मतदाता सूची के माध्यम से चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं और युवाओं के मतदान अधिकार प्रभावित हुए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि वोट देने का अधिकार भारतीय लोकतंत्र और संविधान की आत्मा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति संविधान से बड़ा नहीं है।
उन्होंने कथित वोट चोरी के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कड़ी टिप्पणी भी की। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा। राहुल गांधी ने कहा, "2024 के चुनावों के बाद भारत के 15 प्रतिशत मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। इसका मतलब है कि 2024 का चुनाव एक अवैध चुनाव था, यह एक चुराया गया चुनाव था। उन्होंने कहा कि देश का संविधान सबसे बड़ा है, ज्ञानेश कुमार के बिना मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते।
'जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखोगे'
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रैली में उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली की सत्ता तक पहुंचे थे, उत्तर प्रदेश की जनता ही उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यूपी के लोग विदाई भी बहुत धूमधाम और अच्छी तरह से करते हैं, आने वाले 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐसी ऐतिहासिक विदाई होगी, जिसे पूरा देश देखता रह जाएगा।
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची से कथित तौर पर बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आज जब जनसभा रामलीला मैदान में होने जा रही थी, तभी यूपी में कहा गया कि एक करोड़ 27 लाख हिंदू भाईयों के वोट काट दिए गए। वहीं उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि कोई कह रहा था कि यूपी अंगद का पैर है। हम जानते हैं कि जमीन ही नहीं बची तो पैर कहां रखोगे, परिवर्तन होकर रहेगा। साथ ही उन्होंने रामलीला मैदान को लोकतंत्र की लड़ाई का महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि विपक्ष की लड़ाई संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए है।
ममता बनर्जी ने बंगाल में SIR को लेकर उठाए सवाल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में चुनावी प्रक्रिया के दौरान ईवीएम और मतगणना से संबंधित अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेगा।
खरगे ने की मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और मतदाताओं के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि विपक्ष सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों के दबाव से डरने वाला नहीं है।
उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए विपक्षी दलों की एकजुटता को जरूरी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं और केंद्र के साथ-साथ महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारें भी चोरी की सरकारें हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने हुंकार भरते हुए कहा कि मोदी को हटाएंगे, संविधान को बचाएंगें, लोकतंत्र को बचाएंगे। हम सीबीआई और ईडी से डरने वाले नहीं है। मोदी जाएगा और जरूर जाएगा। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर रहेंगे, हम चुप नहीं बैठेंगे।
फारूक अब्दुल्ला बोले- किसी से डरने की जरूरत नहीं
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने अपने संबोधन में देश की एकता और भाईचारे पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुसलमानों को बार-बार पाकिस्तानी बताकर निशाना बनाया जाता है, जबकि वे इसी देश के नागरिक हैं और देश के लिए अपना योगदान देते रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी से डरें नहीं। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि लोकतंत्र और देश की एकता को बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
तेजस्वी यादव ने ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग की
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की। तेजस्वी यादव ने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाएं अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा रही हैं। उनके भाषण में केंद्र सरकार और आरएसएस पर भी तीखी राजनीतिक टिप्पणियां शामिल रहीं।
शशि थरूर ने जनता के समर्थन का किया दावा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हुए हैं। थरूर के मुताबिक, लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद के प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान पर किसी तरह का हमला नहीं होना चाहिए और मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रहने चाहिए।
AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने उठाया समान मतदान अधिकार का मुद्दा
AISA की अध्यक्ष नेहा बोरा ने अपने संबोधन में महिलाओं, मुसलमानों, दलितों, आदिवासियों और गरीब मजदूरों के अधिकारों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट समान महत्व रखता है। नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि कुछ वर्गों को बार-बार अपनी नागरिकता और पहचान साबित करने के लिए मजबूर किया जाता है। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार सभी नागरिकों के लिए बराबर होना चाहिए।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






