दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की महारैली आज, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' के नारे के साथ जुटेंगे विपक्षी
दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA ब्लॉक के बैनर तले विपक्षी दलों की बड़ी महारैली आयोजित की जा रही है। 'वोट बचाओ, देश बचाओ' के नारे के साथ होने वाली इस रैली में विपक्षी दल चुनावी अनियमितताओं, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठाएंगे।
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA ब्लॉक के बैनर तले विपक्षी दलों की बड़ी महारैली आयोजित की जा रही है। 'वोट बचाओ, देश बचाओ' के नारे के साथ होने वाली इस रैली में विपक्षी दल चुनावी अनियमितताओं, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठाएंगे। विपक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार के नेता तेजस्वी यादव समेत INDIA गठबंधन के 19 दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं, छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के भी बड़ी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है।
दोपहर 12 बजे निकलेगा मार्च
रैली के तहत दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद मैदान में जनसभा होगी, जहां गठबंधन के वरिष्ठ नेता लोगों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। विपक्षी नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से खुली बसों में सवार होकर मार्च के शुरुआती स्थान तक पहुंचने की संभावना है। रैली को लेकर रविवार सुबह से ही समर्थकों का रामलीला मैदान पहुंचना शुरू हो गया। सुबह 5:30 बजे से लोग मैदान के आसपास जुटने लगे। वहीं पुलिस और स्वयंसेवक भीड़ को नियंत्रित करने में लगे हैं।
सुरक्षा में 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
महारैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मार्च के रास्ते और रामलीला मैदान में 4,000 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियां तैनात की गईं हैं।
रामलीला मैदान को सुरक्षा के लिहाज से 14 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी ACP स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। निगरानी के लिए 200 से अधिक CCTV कैमरे, ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा मैदान के अंदर एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। रैली के आयोजकों ने करीब 10 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई है, जबकि दिल्ली पुलिस का अनुमान लगभग 50 हजार लोगों के जुटने का है। सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर के मुताबिक, रैली स्थल पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मार्च के रूट को लेकर भी विशेष योजना तैयार की गई है।
CJP ने रैली से बनाई दूरी, लेकिन समर्थन जारी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी INDIA ब्लॉक की इस रैली में शामिल नहीं होगी। हालांकि, उन्होंने विपक्ष के प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। दिपके ने कहा कि उनकी पार्टी एक स्वतंत्र संगठन और तटस्थ मंच है। वह अपनी इस पहचान को बरकरार रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदर्शन के साथ एकजुटता से खड़ी है, लेकिन इसमें प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं होगी।
राहुल गांधी की व्यापारियों से खास अपील
रैली से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली पहुंचने वाले लोगों से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दिवाली, छठ और भाई दूज के त्योहारों के बीच दिल्ली आने वाले लोग छोटी दुकानों और स्थानीय व्यापारियों से सामान खरीदें, जिससे उनके कारोबार को फायदा मिल सके। राहुल गांधी ने रैली के कारण व्यापारियों को नुकसान होने की आशंका को खारिज करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लोगों से विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के साथ स्थानीय बाजारों को भी समर्थन देने का आग्रह किया।
चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का अभियान
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ INDIA गठबंधन की ओर से प्रतीकात्मक 'जन महाभियोग' का प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद यह महारैली आयोजित की जा रही है। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर सवाल हैं। रामलीला मैदान की इस रैली को विपक्षी एकजुटता और चुनाव आयोग के खिलाफ उसके अभियान के बड़े प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
यह खबर अपने परिवार और दोस्तों तक पहुंचाएं






